पहली बार चुनाव मैदान में उतरी टीवीके के तमिलनाडु में सबसे बड़े दल के रूप में उभरने और सरकार बनाने की संभावना के बीच पार्टी प्रमुख विजय के चुनावी वादों पर लोगों की नजर है। इनमें शादी के लिए 8 ग्राम सोना देने का वादा भी शामिल है, जिसकी कीमत लगभग 1,40,000 रुपये (22 कैरेट) है।
टीवीके ने अपने घोषणापत्र में 60 साल से कम उम्र की महिलाओं के लिए हर माह 2,500 रुपये की सहायता, शादी के लिए आठ ग्राम सोना और हर परिवार को साल में छह मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर देने का भरोसा दिया है।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, विजय की पार्टी तमिलनाडु के 107 विधानसभा क्षेत्रों में आगे चल रही है, जो कि सदन में साधारण बहुमत (118) से कुछ ही कम है। विजय ने गरीब दुल्हनों के लिए सोने के साथ अच्छी गुणवत्ता की रेशमी साड़ी देने और महिलाओं द्वारा संचालित स्वयं सहायता समूहों के लिए पांच लाख रुपये तक के ब्याज-मुक्त ऋण का भी वादा किया है।
हर साल 15,000 रुपये देने का वादा
विजय ने सत्ता में आने पर भ्रष्टाचार-मुक्त और सुशासन देने का भरोसा दिया है। घोषणापत्र में शिक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया है। स्कूल छोड़ने की समस्या को रोकने के लिए सरकारी और राज्य के सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की माताओं या अभिभावकों को हर साल 15,000 रुपये देने का वादा किया गया है।
विजय ने राज्य में शिक्षा में क्रांति लाने का श्रेय पाने वाले प्रसिद्ध नेता के. कामराज के नाम पर 100 विशेष आवासीय स्कूल स्थापित करने और उच्च शिक्षा के लिए 20 लाख रुपये तक का ऋण देने का वादा किया है। विजय ने एआई मंत्रालय, एआई यूनिवर्सिटी और एआई नगर स्थापित करने की भी घोषणा की है।
किसानों, बेरोजगारों से क्या वादा किया?
टीवीके ने अपने घोषणापत्र में कृषि क्षेत्र के कल्याण पर भी विशेष जोर दिया है। पार्टी ने वादा किया है कि पांच एकड़ से कम जमीन वाले किसानों के कृषि सहकारी फसल ऋण पूरी तरह माफ किए जाएंगे, जबकि इससे अधिक जमीन वाले किसानों को 50 प्रतिशत ऋण की माफी दी जाएगी। इसके अलावा, धान के लिए 3,500 रुपये प्रति क्विंटल और गन्ने के लिए 4,500 रुपये प्रति टन का न्यूनतम समर्थन मूल्य देने का भी भरोसा दिया गया है।
युवा बेरोजगारी को लेकर विजय ने पांच लाख नए सरकारी रोजगार सृजित करने और उतनी ही संख्या में भत्तायुक्त प्रशिक्षण अवसर देने का वादा किया है। बेरोजगार स्नातकों को प्रति माह 4,000 रुपये तक की सहायता प्रदान की जाएगी। सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना पर विचार करने और नर्सों सहित अनुबंध कर्मियों को नियमित करने का भरोसा दिया गया है। विजय ने स्वास्थ्य क्षेत्र में नशामुक्त तमिलनाडु का संकल्प लिया है।
200 यूनिट तक मुफ्त बिजली का भरोसा
घोषणापत्र में बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए हर माह 3,000 रुपये की पेंशन, 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली, भूमि स्वामित्व दस्तावेजों का नियमितीकरण और सभी घरों को 100 प्रतिशत पाइप से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने जैसे प्रावधान भी शामिल हैं।
विजय ने घर-घर तक शासन की सेवाएं पहुंचाने का भी वादा किया है, जिसके तहत राशन जैसी सुविधाएं सीधे लोगों के घर तक पहुंचाई जाएंगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि उनके शासन में कारोबार करने में आसानी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और व्यापारिक लाइसेंस 21 दिनों के भीतर जारी करने की सख्त गारंटी दी जाएगी।
थलापति विजय के इन वादों ने तमिलनाडु में पलट दी पूरी बाजी
अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ. विजय ने तमिल राज्य में DMK-AIDMK के दशकों लंबे वर्चस्व को खत्म कर दिया। सत्तारूढ़ डीएमके तीसरे नंबर पर खिसक गई है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
