West Bengal, Tamil Nadu Vidhan Sabha Chunav 2026 Voting LIVE Updates: पश्चिम बंगाल में इस बार रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग हुई है। राज्य में प्रथम चरण में 92.14% वोट डाले गए हैं। राज्य के दक्षिण दिनाजपुर जिले में सबसे ज्यादा 94.77% वोट और कालिम्पोंग जिले में सबसे कम 82.93% वोट डाले गए। दक्षिण भारत के राज्य तमिलनाडु में 84.64% मतदान दर्ज किया गया।

तमिलनाडु में जहां शांति व्यवस्था पूरी तरह से कायम है तो वहीं पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों से हिंसा की खबरें सामने आई हैं। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हुमायूं कबीर समर्थकों और टीएमसी के कार्यकर्ताओं में जमकर पत्थरबाजी हुई है।

मुर्शिदाबाद के नौदा इलाके में हुमायूं कबीर के पहुंचने के बाद यह हिंसा भड़की। हुमायूं कबीर नौदा में उस जगह पहुंचे थे, जहां बुधवार शाम क्रूड बम फेंका गया था। इसके अलावा दक्षिण दिनाजपुर के कुमारगंज विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार सुवेंदु सरकार पर टीएमसी कार्यकर्ताओं ने हमला किया है। इस हमले के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

Live Updates
19:43 (IST) 23 Apr 2026

पश्चिम बंगाल में 91.74% वोटिंग

पश्चिम बंगाल में पहले चरण के चुनाव में 91.74% वोट डाले गए। दक्षिण भारत के राज्य तमिलनाडु में 84.64% मतदाताओं ने अपने वोटिंग राइट का इस्तेमाल किया।

19:13 (IST) 23 Apr 2026

हम पहले से ही जीतने की स्थिति में - ममता बनर्जी

ममता बनर्जी ने कहा कि मतदान के रुझान टीएमसी के लिए मजबूत समर्थन दर्शाते हैं और पार्टी चुनाव में अपनी संभावनाओं को लेकर आश्वस्त है। उन्होंने कहा, "लोगों की मानसिकता को समझने के बाद, आज तक हुए मतदान के आधार पर हम पहले से ही जीतने की स्थिति में हैं।"

18:32 (IST) 23 Apr 2026

West Bengal Elections LIVE: भवानीपुर में ममता बनर्जी ने निकाला मार्च

पश्चिम बंगाल की भवानीपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही ममता बनर्जी ने अपने समर्थकों संग यहां पदयात्रा की।

https://twitter.com/ANI/status/2047297030612226097

17:48 (IST) 23 Apr 2026

West Bengal Elections LIVE: पश्चिम बंगाल में 89.93% वोटिंग

पश्चिम बंगाल में इस बार रिकॉर्ड तोड़ वोटिंग हुई है। राज्य में प्रथम चरण के मतदान में शाम पांच बजे तक कुल 89.93% वोट डाले जा चुके हैं। राज्य के दक्षिण दिनाजपुर जिले में सबसे ज्यादा 93.12% वोट और कालिम्पोंग जिले में सबसे कम 81.98% वोट डाले गए।

17:23 (IST) 23 Apr 2026

West Bengal Elections LIVE: भाजपा के चुनाव जीतने के बाद बंगाल में कोई घुसपैठ नहीं कर पाएगा - अमित शाह

अमित शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा चुनाव जीतने के बाद पश्चिम बंगाल में "एक भी घुसपैठिये को" घुसने नहीं दिया जाएगा और यहां पहले से मौजूद अवैध प्रवासियों को "चुन चुन कर बाहर निकाला जाएगा"।

हुगली जिले के बालागढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने के लिए तैयार है। अमित शाह ने कहा, "आज पहले चरण का मतदान लगभग समाप्त हो चुका है और यह बंगाल में मेरा 30वां कार्यक्रम है। पांच मई को दीदी का खेल खत्म हो जाएगा। बंगाल में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी।"

16:15 (IST) 23 Apr 2026

West Bengal Elections LIVE: 4 मई TMC सिंडिकेट की एक्सपायरी डेट- पीएम नरेंद्र मोदी

पश्चिम बंगाल में एक चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- 4 मई TMC सिंडिकेट और 'महा जंगलराज' की एक्सपायरी डेट है। 4 मई के बाद, इस लूट का हिसाब लिया जाएगा। 'कटमनी का खेल अब नहीं चलेगा'।

15:44 (IST) 23 Apr 2026

West Bengal Elections LIVE: पश्चिम बंगाल में 78.77% वोटिंग

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में दोपहर तीन बजे तक 78.77% वोट डाले गए हैं। तमिलनाडु में तीन बजे तक 70% मतदान दर्ज किया गया है।

15:22 (IST) 23 Apr 2026

मेरी कार पर हमला किया गया- भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल

आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल कहती हैं, "मेरी कार पर हमला किया गया और तोड़फोड़ की गई। मैं रहमत नगर अल्पसंख्यक क्षेत्र में गई थी, तभी मेरी कार पर एक बड़ा पत्थर फेंका गया। कार का पूरा पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और शीशे पूरी तरह चकनाचूर हो गए। भगवान की कृपा से न तो मेरे सुरक्षाकर्मी और न ही मुझे चोट आई। हालांकि, पीछे बैठी मेरी सचिव को मामूली चोट आई। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता, क्योंकि इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। आप आसानी से समझ सकते हैं कि इसके पीछे कौन है और अल्पसंख्यकों के साथ किसके अच्छे संबंध हैं।"

15:15 (IST) 23 Apr 2026

बीजेपी उम्मीदवार का टीएमसी कार्यकर्ता से विवाद

सिउरी से भाजपा उम्मीदवार का टीएमसी कार्यकर्ता से मौखिक विवाद हो गया। उम्मीदवार ने आरोप लगाया कि टीएमसी मतदाताओं को "आतंकित" कर रही है और मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में भी नहीं रह सकती। जवाब में उम्मीदवार ने कहा कि वह सिर्फ एक दिव्यांग मतदाता को मतदान प्रक्रिया में मदद कर रही थी।

15:02 (IST) 23 Apr 2026

लोग भाजपा के खिलाफ वोट दे रहे हैं- शांतनु सेन

टीएमसी नेता शांतनु सेन ने कहा, "पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान को देखकर यह स्पष्ट है कि पश्चिम बंगाल की जनता ने भारत-विरोधी, बंगाल-विरोधी भाजपा के खिलाफ वोट देने का मन बना लिया है। लोग भाजपा के खिलाफ वोट दे रहे हैं, जो बंगाल से बाहर रहने वाले बंगालियों पर बंगाली बोलने और मछली खाने के लिए हमला करती है। वे ममता बनर्जी को चौथी बार मुख्यमंत्री बनाने के लिए वोट दे रहे हैं..."

14:39 (IST) 23 Apr 2026

बंगाल: मुझे पूरा यकीन है कि भाजपा को भारी जीत मिलने वाली है-पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में जारी विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए वहां की जनता को बधाई दी और अब तक के मतदान आंकड़ों को "परिवर्तन के लिए भारी जनादेश" का संकेत बताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने नदिया जिले के कृष्णानगर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए दावा किया कि विधानसभा चुनावों के दौरान हिंसा पिछले 50 वर्षों में न्यूनतम रही है। प्रधानमंत्री ने कहा, '' बंगाल में पिछले 50 वर्षों के चुनावी इतिहास में हिंसा न्यूनतम रही है। अब तक मुझे जो जानकारी मिली है, उससे मुझे पूरा विश्वास है कि यह जनादेश बदलाव के लिए होगा।''

14:27 (IST) 23 Apr 2026

West Bengal Elections LIVE: सिंगर अरिजीत सिंह के पिता ने मुर्शिदाबाद में डाला वोट

गायक अरिजीत सिंह के पिता सुरिंदर सिंह ने मुर्शिदाबाद में अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा- ठीक ही है सब, वोटिंग अच्छे से हो जाए। यहां कोई दिक्कत नहीं हुई, वोटिंग ठीक चल रही है, शांति से चल रही है।

14:04 (IST) 23 Apr 2026

West Bengal Elections LIVE: लाभपुर में बीजेपी के मतदान एजेंट पर हमला

बीरभूम के लाभपुर से भी हिंसा की खबर है।यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार देबाशीष ओझा के एक मतदान एजेंट पर कथित तौर पर हमला किया गया, जिससे उनके सिर में चोटें आईं। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने इस आरोप का खंडन किया।

13:49 (IST) 23 Apr 2026

बेटियों को TMC के 'महा जंगल राज' का खामियाज़ा भुगतना पड़ा- पीएम नरेंद्र मोदी

नदिया में रैली को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा- हमारी बहनों और बेटियों को TMC के 'महा जंगल राज' का खामियाज़ा भुगतना पड़ा है। हंसखाली में एक नाबालिग लड़की के साथ हुआ गैंगरेप और हत्या, TMC के डर पर आधारित मॉडल का एक जीता-जागता उदाहरण है। कम उम्र की लड़कियों की तस्करी की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। बंगाल की बेटियां इस डर के माहौल से आज़ादी चाहती हैं।

उन्होंने आगे कहा, "TMC कभी भी बंगाल की महिलाओं को सही मायने में सशक्त नहीं बना सकती। इसका एक उदाहरण आपने पिछले हफ़्ते ही संसद में देखा था। BJP संसद और राज्य विधानसभाओं, दोनों में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण लागू करना चाहती है। इस मुद्दे पर संसद में बहस भी हुई, लेकिन TMC नहीं चाहती कि बंगाल की महिलाओं को ज़्यादा सीटें मिलें। नतीजतन, कांग्रेस के साथ मिलकर उन्होंने संसद में इस कानून को पारित होने से रोक दिया। बंगाल की हर महिला निश्चित रूप से इसके लिए TMC को सज़ा देगी..."

13:37 (IST) 23 Apr 2026

Elections LIVE: तमिलनाडु में 56.81% मतदान

तमिलनाड में दोपहर एक बजे तक 56.81% वोटिंग हो चुकी है।

13:36 (IST) 23 Apr 2026

West Bengal Elections LIVE: बंगाल में दोपहर एक बजे तक 62.18% मतदान

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में  दोपहर एक बजे तक 62.18% मतदान हो चुका है।

13:23 (IST) 23 Apr 2026

Elections LIVE: झालमूड़ी मैंने खायी, झाल टीएमसी को लगी- पीएम नरेंद्र मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के नादिया में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि TMC विधायकों, मंत्रियों, स्थानीय नेताओं और उनके सिंडिकेट के खिलाफ लोगों में इतना गुस्सा है कि TMC कई शहरों में अपना खाता भी नहीं खोल पाएगी।

उन्होंने कहा- 15 साल पहले, लोगों ने वामपंथ के खिलाफ जंग का बिगुल फूंका था। आज TMC के 'जंगल राज' के विरोध में, बंगाल के लोग हर गली और मोहल्ले में 'शंख' बजा रहे हैं... यह चुनाव हम नहीं लड़ रहे हैं; इस बार बंगाल में चुनाव खुद जनता लड़ रही है।

13:20 (IST) 23 Apr 2026

पश्चिम बंगाल चुनाव: गोराबाज़ार के खोवार स्कूल में बने पोलिंग बूथ नंबर 141 पर ईवीएम में खराबी

मुर्शिदाबाद की बहरामपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी ने एक चुनाव अधिकारी से फ़ोन पर बात की और उनसे पोलिंग बूथ पर EVM की खराबी को ठीक करने की गुजारिश की।

उन्होंने कहा, "बूथ नंबर 141 पर EVM में लगातार खराबी आ रही है। इसकी वजह से, धूप में खड़े आम वोटरों को बिना वोट डाले ही घर लौटना पड़ रहा है।"

https://twitter.com/ANI/status/2047218888036045106

13:08 (IST) 23 Apr 2026

West Bengal Elections LIVE: हुमायूं कबीर यहां गड़बड़ी पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं- टीएमसी

नौदा के TMC ब्लॉक अध्यक्ष सोफ़ियुज़्ज़मान शेख ने कहा- हुमायूं कबीर यहां गड़बड़ी पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। चुनाव के दिन वह 15 गाड़ियों में असामाजिक तत्वों और FIR में नाम दर्ज अपराधियों के साथ आए थे। वह यहां हमारे पोलिंग स्टेशन एजेंटों को हटाने आए थे। हुमायूं यहां बहुत ज़्यादा गुंडागर्दी कर रहे हैं। हमने विरोध किया है, हमने शिकायत भी की है, लेकिन ECI या पुलिस प्रशासन की तरफ़ से कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई है। किसी को गिरफ़्तार नहीं किया गया है, किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है। हम उन्हें नौदा में आज़ादी से घूमने की इजाज़त नहीं दे सकते। यह हमारी तरफ़ से उनके लिए खुली चेतावनी है कि वह नौदा में न घूमें। अगर हुमायूं यहां-वहां घूमते हैं, तो हम उन्हें रोकेंगे और उनका रास्ता रोक देंगे।

13:03 (IST) 23 Apr 2026

सुवेंदु सरकार ने बताया टीएमसी कार्यकर्ताओं ने क्यों किया हमला?

कुमारगंज विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार सुवेंदु सरकार ने बताया- कुमारगंज विधानसभा क्षेत्र में 8-10 पोलिंग स्टेशनों पर हमारे पोलिंग एजेंटों को ज़बरदस्ती हटा दिया गया। मैंने खुद दखल दिया और यह सुनिश्चित किया कि उन्हें वापस अंदर जाने दिया जाए। जब ​​मैं जमीनी हालात का जायज़ा लेने बूथ नंबर 24 पर गया, तो उन्होंने मेरी पूरी टीम और मुझ पर हमला कर दिया; उनका इरादा साफ़ तौर पर डर और दहशत का माहौल बनाना था।

पोलिंग स्टेशन पर सेंट्रल फ़ोर्स मौजूद थी - वे परिसर के अंदर ही थे। लेकिन जब मैं वहां पहुंचा, तो मेरे साथ सिर्फ़ मेरा बॉडीगार्ड था; हमारे साथ और कोई नहीं था... ममता बनर्जी चुनाव हार चुकी हैं, और तृणमूल कांग्रेस इस इलाके की चारों सीटें हार रही है। पूरी तरह से हताशा और डर की वजह से, उन्होंने हम पर हमला किया।

12:44 (IST) 23 Apr 2026

पश्चिम बंगाल: कुमारगंज में बीजेपी उम्मीदवार पर हमला

पश्चिम बंगाल के कुमारगंज में बीजेपी उम्मीदवार सुवेंदु सरकार पर हमला हुआ है। टीएमसी कार्यकर्ताओं पर इस हमले का आरोप है। हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

12:36 (IST) 23 Apr 2026

Elections LIVE: हुमायूं कबीर बोले- टीएमसी चोरों की पार्टी

मुर्शिदाबाद के नौदा विधानसभा क्षेत्र में TMC और आम जनता उन्नयन पार्टी (AUJP) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प चल रही है। AUJP के संस्थापक हुमायूं कबीर ने कहा- TMC चोरों की पार्टी है। नौदा की जनता ने उन्हें नकार दिया है।

12:33 (IST) 23 Apr 2026

Elections LIVE: मुर्शिदाबाद में पत्थरबाजी, पुलिस काबू कर रही हालात

मुर्शिदाबाद में जमकर पत्थरबाजी हो रही है। केंद्रीय सुरक्षाबल यहां हालात पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं।

https://twitter.com/ANI/status/2047206372962599057

12:32 (IST) 23 Apr 2026

Elections LIVE: कांचीपुरम में शादी के बाद वोट डालने पहुंचा नव-दंपती

तमिलनाडु के कांचीपुरम में एक नव-दंपती ने शादी के तुरंत बाद अपने मताधिकार का प्रयोग किया

https://twitter.com/ANI/status/2047205758245421085

12:16 (IST) 23 Apr 2026

West Bengal Elections LIVE: मुर्शिदाबाद में भिड़े टीएमसी और हुमायूं कबीर समर्थक

पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान जारी है। मुर्शिदाबाद में टीएमसी के कार्यकर्ताओं और हुमायूं कबीर समर्थकों में जमकर पत्थरबाजी हो रही है।

https://twitter.com/ANI/status/2047204106012619181

12:11 (IST) 23 Apr 2026

Elections LIVE: जो शांति तोड़ेगा हम उसको तोड़ने का काम करेंगे- सुवेंदु अधिकारी

नंदीग्राम में मीडिया से बातचीत करते हुए बीजेपी के प्रत्याशी सुवेंदु अधिकारी ने कहा- मुझे इस मतदान केंद्र में प्रवेश नहीं करने दिया गया। आम आदमी शांति चाहता है। जो शांति तोड़ेगा हम उसको तोड़ने का काम करेंगे।

https://twitter.com/ANI/status/2047196430088208799

11:29 (IST) 23 Apr 2026

Elections LIVE: वोट डालने के बाद क्या बोले कार्ति चिदंबरम

कार्ति चिदंबरम ने कहा- सिर्फ़ युवाओं को ही नहीं, बल्कि उन सभी लोगों को वोट देना चाहिए जो वोट देने के लिए रजिस्टर्ड हैं। वोट देना, जहां एक तरफ़ हमारा सौभाग्य है, वहीं यह हमारा अधिकार और कर्तव्य भी है। दुनिया के सभी लोगों को वोट देने का अधिकार नहीं है। कई देश ऐसे हैं जहाँ लोकतंत्र नहीं है; हमें इस बात पर गर्व होना चाहिए कि भारत एक सफल लोकतंत्र है और हमें अपने वोट देने के अधिकार का इस्तेमाल ज़रूर करना चाहिए।

उन्होंने कहा- हमें बहुत सोच-समझकर चुनाव करना चाहिए। यह एक ऐसी प्रक्रिया है जिसमें हमें अपनी सोच का इस्तेमाल करना होता है- आपको उम्मीदवारों को देखना होता है, पार्टियों को देखना होता है, उनके नेतृत्व और उनकी नीतियों को समझना होता है, और फिर पूरी ज़िम्मेदारी के साथ वोट देना होता है। 

कार्ति चिदंबरम ने दावा किया कि उन्हें पूरा भरोसा है कि उनका गठबंधन यह चुनाव जरूर जीतेगा। 

11:24 (IST) 23 Apr 2026

Elections LIVE: कार्ति चिदंबरम ने डाला वोट

कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम, उनकी पत्नी श्रीनिधि और बेटी अदिति ने शिवगंगा में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

https://twitter.com/ANI/status/2047190664623128830

11:18 (IST) 23 Apr 2026

Elections LIVE: अपने भविष्य के बारे में सोच कर वोट डालें- कनिमोझी

वोट डालने के बाद मीडिया से बातचीत में कनिमोझी ने कहा- अपने भविष्य के बारे में सोचिए। राज्य के भविष्य के बारे में सोचिए। सोचिए कि राज्य के अधिकारों और भाषा के लिए कौन लड़ेगा, हम किस चीज के लिए खड़े हैं, और फिर वोट दीजिए... इस चुनाव की कहानी यह है कि हमने अच्छा काम किया है। हमने 5 साल तक अच्छा शासन दिया है और योजनाएं लोगों तक पहुंची हैं। लोग समझ गए हैं कि DMK और उसके गठबंधन सहयोगी ही वे लोग हैं जो राज्य, हमारी भाषा, हमारी संस्कृति की रक्षा के लिए और अगली पीढ़ी के लिए एक बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने के लिए वैचारिक लड़ाई लड़ रहे हैं। इसलिए, मुझे पूरा भरोसा है कि यही कहानी है... मुझे पूरा भरोसा है कि DMK अच्छा प्रदर्शन करेगी और हम आगे बढ़ते रहेंगे।

11:16 (IST) 23 Apr 2026

West Bengal Elections LIVE: पहले चरण के मतदान के दौरान कई जगहों ईवीएम में तकनीकी खराबी

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दौरान बृहस्पतिवार को कुछ स्थानों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण मतदान बाधित हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि मुर्शिदाबाद जिले में बेलडांगा विधानसभा क्षेत्र के पारसालिका मदनमोहन प्राथमिक विद्यालय के बूथ नंबर 156 पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में खराबी आने के बाद मतदान रोक दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि शमशेरगंज विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 212 पर भी इसी तरह की समस्याओं के कारण मतदान समय पर शुरू नहीं हो सका।

कांडी के बूथ नंबर 130 पर भी मतदान में देरी हुई।

पूर्व मेदिनीपुर में नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र के बिरुलिया में एक ईवीएम में खराबी की सूचना मिली। कूच बिहार में टाउन हाई स्कूल के बूथ नंबर 229 पर मतदान लगभग एक घंटे तक स्थगित रहा, जिसके बाद इसे फिर शुरू किया गया।

मालदा जिले के हबीबपुर निर्वाचन क्षेत्र के बूथ नंबर 231 पर भी मतदान में देरी हुई।

दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी में मार्गरेट स्कूल स्थित बूथ संख्या 26/31 पर ईवीएम में खराबी के कारण मतदान समय पर शुरू नहीं हो सका।

मतदान प्रक्रिया के दौरान झाड़ग्राम जिले में एक मतदान केंद्र के पास एक हाथी के घूमने के कारण मतदाताओं में दहशत फैल गई। यह हाथी जीतुशोल आंशिक बुनियादी विद्यालय मतदान केंद्र के बाहर देखा गया था।