तमिलनाडु में बिजली कटौती को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच DMK अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। चेन्नई में इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए स्टालिन ने 6,000 करोड़ रुपये के बिजली उपकरण बर्बाद होने के दावे पर तंज कसा।
स्टालिन ने कहा, “6,000 करोड़ रुपये के बिजली उपकरण बर्बाद हो गए हैं, यह कहना वैसा ही है जैसे बिल्ली अपनी आंखें बंद कर ले और सोचे कि पूरी दुनिया अंधेरे में है। हर व्यक्ति कुछ न कुछ कह रहा है और मुझे नहीं पता कि इनमें से कौन सच बोल रहा है।”
VIP दौरे के दौरान बिजली कटौती का आरोप
दरअसल, तमिलनाडु में बिजली कटौती को लेकर पिछले कुछ समय से राजनीतिक विवाद चल रहा है। राज्य के बिजली मंत्री निर्मल कुमार ने आरोप लगाया था कि मंत्रियों और VIP लोगों के दौरे के दौरान कुछ चुनिंदा जगहों पर जानबूझकर बिजली काटी जा रही है।
उन्होंने कहा था कि इस मामले में बिजली विभाग के भीतर कुछ गड़बड़ी की आशंका है। विभाग की ओर से आंतरिक बैठकें की जा रही हैं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ट्रांसफर समेत दूसरी कार्रवाई भी की जा रही है।
मंदिर में बिजली गुल होने पर EPS ने सरकार को घेरा
यह विवाद उस समय बढ़ गया था, जब AIADMK प्रमुख एडप्पादी के पलानीस्वामी (EPS) मदुरै के मीनाक्षी अम्मन मंदिर में पूजा कर रहे थे और अचानक बिजली चली गई। इस घटना पर उन्होंने सत्तारूढ़ TVK सरकार को घेरते हुए कहा था कि इस सरकार में लोग न तो शांति से रह पा रहे हैं और न ही भगवान की पूजा कर पा रहे हैं।
अनबिल महेश की गिरफ्तारी को बताया राजनीतिक बदला
वहीं, पूर्व DMK मंत्री अनबिल महेश पोय्यामोझी की गिरफ्तारी पर भी एमके स्टालिन ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया और कहा कि उनकी पार्टी इस मामले का कानूनी तरीके से सामना करेगी।
बता दें कि अनबिल महेश को 26 अक्टूबर 2026 को चेन्नई में गिरफ्तार किया गया था। उन पर निजी स्कूलों के संचालकों से सरकारी मंजूरी दिलाने के नाम पर कथित तौर पर 400 करोड़ रुपये की वसूली से जुड़े मामले में भ्रष्टाचार और धोखाधड़ी के आरोप हैं। आरोप है कि स्कूलों को मान्यता, निर्माण संबंधी मंजूरी, लाइसेंस और अन्य सरकारी अनुमतियां दिलाने के नाम पर बिचौलियों के जरिए पैसे वसूले गए।
मद्रास हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने पर हुई गिरफ्तारी
मद्रास हाईकोर्ट की ओर से अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद चेन्नई सेंट्रल क्राइम ब्रांच ने उन्हें गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें 6 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गिरफ्तारी को चुनौती देकर मांगी जमानत
पूर्व मंत्री ने अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देते हुए जमानत की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि गिरफ्तारी के दौरान जरूरी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया और जांच के लिए उन्हें हिरासत में रखने की जरूरत नहीं है।
स्टालिन बोले- जांच में सहयोग कर रहे थे पूर्व मंत्री
स्टालिन ने गिरफ्तारी की आलोचना करते हुए कहा है कि अनबिल महेश जांच में पूरा सहयोग कर रहे थे। उनके मुताबिक, सरकार लोगों का ध्यान कानून-व्यवस्था की स्थिति से हटाने के लिए ऐसी कार्रवाई कर रही है। दूसरी ओर, राज्य सरकार और जांच एजेंसियां इस मामले में भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कर रही हैं।
यह भी पढ़ें: सरकारी नौकरियों में उम्र सीमा को लेकर विजय सरकार ने लिया बड़ा फैसला, सामान्य वर्ग को भी मिलेगा फायदा
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने सरकारी नौकरियों में डायरेक्ट नियुक्ति के लिए उम्र सीमा बढ़ाने का ऐलान किया है। सरकार के बयान के अनुसार सीएम विजय ने सरकारी नौकरियों में नियुक्ति के लिए ऊपरी उम्र सीमा को मौजूदा नियमों से 5 साल बढ़ाने का आदेश दिया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
