तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेट्री कज़गम (टीवीके) के अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय करूर दौरे पर हैं। हालांकि उनके दौरे के दौरान सुरक्षा में चूक हो गई। भारी संख्या में समर्थकों की भीड़ के बीच एक व्यक्ति बैरिकेड तोड़कर मुख्यमंत्री के काफिले की ओर दौड़ पड़ा। यह घटना तब घटी जब विजय का काफिला सरकारी और पार्टी कार्यक्रमों के लिए करूर में प्रवेश कर रहा था। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उस व्यक्ति को मुख्यमंत्री के वाहन तक पहुंचने से पहले ही रोक लिया।

रास्ते में इकठ्ठा हो गए हजारों समर्थक

विजय का स्वागत करने के लिए हजारों समर्थक रास्ते भर जमा हो गए थे। उन्होंने उनके काफिले पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाईं और उनके समर्थन में नारे लगाए। भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने रास्ते भर बैरिकेड और सुरक्षाकर्मियों सहित व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी।

मुख्यमंत्री विजय अपने दौरे के दौरान कई आधिकारिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे, जिनमें 2025 करूर भगदड़ के पीड़ितों के परिवारों को अनुकंपा आधारित सरकारी नौकरी नियुक्ति पत्र वितरित करना एक प्रमुख कार्यक्रम है। विजय 27 सितंबर, 2025 को टीवीके के जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान भगदड़ में जान गंवाने वाले 32 लोगों के कानूनी वारिसों को अनुकंपा आधारित नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।

लाभार्थी क्या बोले?

लाभार्थियों में विमल भी शामिल हैं, जिन्होंने इस हादसे में अपने डेढ़ वर्षीय बेटे त्रिविश को खो दिया। कार्यक्रम से पहले एएनआई से बात करते हुए विमल ने कहा कि अपने परिवार को हुए अपूरणीय नुकसान के बावजूद, रोजगार प्रदान करने के सरकार के निर्णय को वे एक सकारात्मक कदम मानते हैं। एटलस कलाई अरंगम मैदान में नियुक्ति समारोह के अलावा, विजय थंथोनी मलाई स्थित जिला कलेक्टर कार्यालय में विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का वितरण करेंगे।

मुख्यमंत्री विजय कृष्णारायपुरम पंचायत संघ के वनवासी पंचायत में एक निजी गैर-चमड़े के जूते बनाने वाली इकाई की आधारशिला भी रखेंगे। अनुमानित 1,700 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना से रोजगार सृजन और क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- DMK में आ जाओ, 100 करोड़ ले जाओ: TVK विधायक का दावा

तमिलनाडु में सियासी घमासान के बीच TVK विधायक जी. सरवनन ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ DMK में शामिल होने के लिए उन्हें करोड़ों रुपये का लालच दिया गया और इनकार करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पढ़ें पूरी खबर