तमिलनाडु समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे सोमवार (4 मई 2026) को घोषित किए जा रहे हैं। इस बीच तमिलनाडु के कृष्णगिरि जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां 28 वर्षीय युवक ने अभिनेता और टीवीके (TVK) पार्टी प्रमुख विजय की कथित चुनावी हार की अफवाह सुनकर आत्महत्या की कोशिश की।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में बताया गया कि पुलिस के अनुसार, युवक की पहचान के. महेंद्रन के रूप में हुई है। महेंद्रन को विजय का कट्टर समर्थक बताया जा रहा है। यह घटना वोटों की गिनती शुरू होने से ठीक पहले हुई। बताया जा रहा है कि अफवाह सुनने के बाद महेंद्रन मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया और अपने घर के पास ही उसने गला काटकर जान देने की कोशिश की।
घटना के समय मौजूद लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और घायल महेंद्रन को बचाकर नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसे कृष्णगिरि सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है।
कृष्णगिरि टाउन पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि युवक की हालत गंभीर है लेकिन डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे की परिस्थितियों को समझने का प्रयास कर रही है।
इस घटना ने चुनावी माहौल के बीच अफवाहों के असर और समर्थकों की भावनात्मक प्रतिक्रिया को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
live: जोसेफ विजय पेरम्बूर और तिरुचि सीट पर आगे, तमिलनाडु में TVK खत्म करेगी DMK-AIDMK का वर्चस्व?
यह भी पढ़ें: Tamil Nadu Assembly Election 2026 Result LIVE
तमिलानाडु विधानसभा चुनाव को लेकर वोटों की गिनती जारी है। अभी तक के आए रूझानों में विजय की पार्टी टीवीके बढ़त बनाए हुए है। जबकि दूसरे नंबर पर AIADMK-BJP गठबंधन है। वहीं, स्टालिन की पार्टी DMK तीसरे नंबर पर है। टीवीके जहां 88 सीटों पर सबसे आगे है। वहीं, AIADMK-BJP 72 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। जबकि DMK 56 सीटों पर है। तमिलनाडु नतीजों से पहले प्रमुख सवाल बने हुए हैं कि क्या DMK सत्ता में वापसी कर इतिहास रचेगी? क्या AIADMK-BJP गठबंधन वापसी कर पाएगा? क्या विजय किंगमेकर बनेंगे या मजबूत विपक्ष के रूप में उभरेंगे? यहां पढ़ें लाइव अपडेट….
