तमिलनाडु के थेनी जिला जेल से 17 कैदियों के फरार होने के मामले में राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। विजय सरकार ने थेनी जिला जेल में प्रशासनिक लापरवाही और सुरक्षा निगरानी में चूक के चलते डिप्टी जेल सुपरिटेंडेंट एन. रामलिंगम को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। रामलिंगम 6 अगस्त, 2024 से थेनी जिले में तैनात थे।

इसके अलावा, जेलर सहित 17 जेल कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। इस घटना के बाद मुख्यमंत्री विजय ने तमिलनाडु की सभी जेलों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली को पूरी तरह पुख्ता करने के निर्देश दिए हैं।

26 अक्टूबर की रात को फरार हुए थे कैदी

26 अक्टूबर की रात तमिलनाडु के थेनी जिला जेल से 17 कैदी फरार हो गए थे। जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन सभी कैदियों को पकड़ लिया था। सभी कैदियों को पकड़ने के एक दिन बाद पुलिस ने गुरुवार को बताया कि इन कैदियों को तमिलनाडु की उच्च-सुरक्षा वाली जेलों में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बुधवार को आखिरी दो फरार कैदियों, तिरुपति और मीनाक्षीसुंदरम के पकड़े जाने के साथ ही यह बड़ा तलाशी अभियान पूरा हो गया।

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस के अनुसार, अरंजनाईपुदुर इलाके से मोटरसाइकिल पर उथमापालयम की ओर भागने के बाद, इन कैदियों ने अम्माचीपुरम में एक अनजान व्यक्ति से फोन मांगा और अपने साथियों से संपर्क किया। उनके साथियों ने उन्हें पैसे, कपड़े और गाड़ियां उपलब्ध कराईं।

पुलिस ने बताया था कि इस व्यापक तलाशी अभियान में 17 विशेष टीमें, स्पेशल टास्क फोर्स की पांच इकाइयां और तमिलनाडु स्पेशल पुलिस की चार बटालियनें शामिल थीं। दिन के समय घने जंगलों की निगरानी करने और संदिग्ध ठिकानों का पता लगाने के लिए विशेष ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया। पकड़े गए कैदियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेजी से चल रही है।

मंगलवार शाम को पांच कैदियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जिन्हें 10 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, बुधवार को आठ अन्य कैदियों को पेश किया गया, जिनकी हिरासत 11 नवंबर तक बढ़ा दी गई है। बुधवार को पकड़े गए बाकी कैदियों को गुरुवार को अदालत में पेश किया गया था।

स्टालिन ने विजय सरकार को घेरा

थेनी जिले के थेक्कमपट्टी जेल से कैदियों के फरार होने की घटना के बाद तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और DMK प्रमुख एम. के. स्टालिन ने राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी TVK पर निशाना साधा था। उन्होंने मुख्यमंत्री विजय की सरकार पर तीखा पॉप-कल्चर तंज कसते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि ब्रेकिंग बैड के बाद अब तमिलनाडु में जेल ब्रेक का दौर शुरू हो गया है।

एमके स्टालिन ने X पोस्ट में कहा कि ब्रेकिंग बैड के बाद अब तमिलनाडु में जेल ब्रेक शुरू हो गया है! मुझे लगा था कि सिर्फ जमानत पर रिहा होने वाले लोगों की ही निगरानी नहीं की जा रही है, लेकिन पता चला कि यह प्रशासन इतना अयोग्य है कि जेल के अंदर से कैदियों को भी भागने देता है।

स्टालिन ने कहा कि साल 1995 के बाद यह पहली बार है जब एक साथ इतनी बड़ी संख्या में कैदी फरार हुए हैं। 2026 में ऐसा होना स्वीकार्य नहीं है, जबकि इस वक्त सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी सिस्टम एडवांस होनी चाहिए। बाहर घूम रहे अपराधी पूरी आजादी के साथ जुर्म कर रहे हैं, जबकि जेल के अंदर मौजूद कैदी भी बेखौफ होकर फरार हो रहे हैं। संक्षेप में यह पूरी तरह से बेकार, ‘Good for Nothing’ प्रशासन है। उन्होंने आगे कहा कि वे लोगों की सुरक्षा नहीं करने वाले हैं। तमिलनाडु की स्थिति इतनी दयनीय हो गई है कि लोगों को अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद उठानी पड़ रही है।

सरकारी नौकरियों में उम्र सीमा को लेकर विजय सरकार ने लिया बड़ा फैसला, सामान्य वर्ग को भी मिलेगा फायदा

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने सरकारी नौकरियों में डायरेक्ट नियुक्ति के लिए उम्र सीमा बढ़ाने का ऐलान किया है। सरकार के बयान के अनुसार सीएम विजय ने सरकारी नौकरियों में नियुक्ति के लिए ऊपरी उम्र सीमा को मौजूदा नियमों से 5 साल बढ़ाने का आदेश दिया है। पढ़ें पूरी खबर।