तमिलनाडु के नव निर्वाचित मुख्यमंत्री विजय ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद केंद्र द्वारा पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी करने के कदम की कड़ी आलोचना की।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने इस फैसले को वापस लेने की मांग की और इसे अस्वीकार्य बताया। उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार की सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की है, विशेष रूप से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। यह अस्वीकार्य है। जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें गिरती हैं, तो तेल कंपनियां पेट्रोल और डीजल की कीमतों में उसी अनुपात में कमी नहीं करतीं।”
ये कंपनिया मुनाफा खुद रख लेती हैं- तमिलनाडु के सीएम
तमिलनाडु के सीएम ने आगे कहा, “इसके बजाय, ये कंपनियां मुनाफा खुद रख लेती हैं। पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव खत्म होने के तुरंत बाद पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में यह बढ़ोतरी स्वीकार्य नहीं है। मैं केंद्र सरकार से आग्रह करता हूं कि पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में हुई इस बढ़ोतरी को तुरंत वापस लिया जाए, जिससे गरीब, निम्न-आय वर्ग और मध्यम वर्ग के लोगों के साथ-साथ सूक्ष्म और लघु उद्योगों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।”
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी
शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। सीएनजी की कीमतों में भी 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी हुई है। इसके बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल की कीमत 87.67 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गई है।
प्रमुख महानगरों में पेट्रोल की कीमतों में समान बढ़ोतरी देखी गई। कोलकाता में पेट्रोल की कीमत अब 108.74 रुपये प्रति लीटर है, जबकि मुंबई में यह 106.68 रुपये और चेन्नई में 103.67 रुपये है। डीजल की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है, जो कोलकाता में 95.13 रुपये प्रति लीटर, मुंबई में 93.14 रुपये और चेन्नई में 95.25 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है।
बता दें कि पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू होने से पहले फरवरी में भारत द्वारा आयात किए जाने वाले कच्चे तेल की औसत कीमत 69 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल थी। इसके बाद के महीनों में यह कीमत लगभग 113-114 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई। कीमतों में इस अचानक बढ़ोतरी का मुख्य कारण युद्ध को माना जा रहा है।
तमिलनाडु सीएम जोसेफ विजय ने नीट पेपर लीक मामले में तोड़ी चुप्पी
तमिलनाडु के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री सी.जोसेफ विजय ने बुधवार को नीट यूजी परीक्षा के पेपर लीक होने और उसके चलते परीक्षा रद्द होने के मुद्दे पर आक्रामक बयान दिया है। उन्होंने इसे सीधे तौर पर संरचनात्मक खामियों का प्रमाण बताया और कहा कि नीट की परीक्षा को ही खत्म किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्यों को कक्षा 12 के अंकों के आधार पर अपनी सीटें भरने की अनुमति दी जाए। पढ़ें पूरी खबर…
