Tamil Nadu News: नीति आयोग की बैठक खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री जोसेफ विजय को शुक्रवार को तमिलनाडु लौटना था, लेकिन उनके प्लान में अचानक बदलाव हो गया। सीएम विजय दोपहर 12:30 बजे एक स्पेशल फ्लाइट से मंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। फिर वे सड़क मार्ग से कोल्लूर मूकाम्बिका मंदिर मंदिर गए।

मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने प्रार्थना की और मूकाम्बिका मंदिर में चांदी की तलवार भेंट की। इससे पहले, तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम.जी. रामचंद्रन ने सोने की तलवार दान की थी। मंदिर की यात्रा के दौरान, विजय ने एमजीआर की ओर से दान की गई सोने की तलवार भी देखी। उन्होंने मंदिर में लगभग 30 मिनट बिताए। खबरों के अनुसार, मंदिर में पूजा करने के बाद मुख्यमंत्री विजय खुद गाड़ी चलाकर वहां से रवाना हुए।

सीएम विजय ने मंदिर में तलवार भेंट की- बाबू हेगड़े

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, कोल्लूर श्री मूकाम्बिका मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बाबू हेगड़े ने कहा, “तमिलनाडु के सीएम विजय मंदिर आए और 30 मिनट तक पूजा की। पूजा के बाद, उन्होंने प्रसाद ग्रहण किया और मंदिर को 1.6 किलो चांदी की तलवार भेंट की।” पुजारी रामचंद्र अडिग ने कहा, “जब विजय आए तो हमने ‘पूर्ण कुंभ’ के साथ उनका स्वागत किया। हमने उन्हें स्तंभ गणपति के पास प्रार्थना करवाई और अंदर दर्शन की व्यवस्था की।”

तलवार को रोजाना देवी के सामने रखा जाए- हेगड़े

हेगड़े ने कहा, “देवी के गर्भगृह में चढ़ावा चढ़ाया गया और संकल्प लिया गया। उन्होंने भेंट के तौर पर तलवार दान की और अनुरोध किया कि इसका इस्तेमाल रोजाना पूजा की सजावट के लिए किया जाए। उन्होंने वीरभद्र स्वामी के दर्शन किए, परिक्रमा पूरी की और चले गए। एमजीआर ने पहले सोने की तलवार दान की थी। उन्होंने बस इतना कहा कि तलवार को रोजाना देवी के सामने रखा जाए और भक्तों को दिखाया जाए। हमने उन्हें एमजीआर द्वारा दान की गई तलवार दिखाई। हमने उसे हाथ में पकड़कर उन्हें दिखाया। उन्होंने प्रसाद ग्रहण किया और चले गए।”

सुरेश भट ने कहा, “किसी भी राज्य के सीएम या हमारे राज्य के सीएम का यहां आकर पूजा करना एक परंपरा है। इसी तरह, तमिलनाडु के सीएम विजय का ‘पूर्ण कुंभ’ के साथ स्वागत किया गया। इसके बाद, उन्होंने एक चांदी की तलवार दी, जिसे हमने देवी को समर्पित किया और उनके सामने रखा।”

यह भी पढे़ं: CM विजय बोले- 12वीं के अंकों से हो MBBS एडमिशन

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने नीति आयोग की बैठक के दौरान एक बड़ी मांग रखी है। उन्होंने केंद्र सरकार से कहा है कि एमबीबीएस, बीडीएस और आयुष पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए केवल 12वीं बोर्ड परीक्षा के अंकों को ही आधार बनाया जाए। यहां क्लिक कर पढे़ं पूरी खबर…