तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर चेन्नई में सुप्रीम कोर्ट की बेंच स्थापित करने का अनुरोध किया है।
पत्र में उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में यह मांग कई दशकों से लंबित है और पहली बार 1980 में इसे उठाया गया था।
संविधान के अनुच्छेद 130 का हवाला देते हुए सीएम विजय ने कहा कि दक्षिण भारत के लोगों को न्याय पाने के लिए नई दिल्ली तक जाना पड़ता है और चेन्नई में बेंच होने से सभी दक्षिणी राज्यों को फायदा होगा।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि वे संसदीय स्थायी समिति की सिफारिशों, विधि आयोग की रिपोर्टों और देश के संघीय ढांचे का हवाला देते हुए फिर से इस मुद्दे को सुप्रीम कोर्ट के सामने रखें ताकि शीर्ष अदालत अपने रुख पर पुनर्विचार कर सके।
सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया था प्रस्ताव
2007 में सुप्रीम कोर्ट की फुल बेंच ने चेन्नई में बेंच के प्रस्ताव को खारिज कर दिया था जबकि राज्य सरकार ने जजों के लिए आवास सहित जरूरी बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था।
सीएम विजय ने तर्क दिया कि संविधान के अनुच्छेद 32 के तहत उपलब्ध संवैधानिक उपाय दक्षिणी राज्यों के लोगों के लिए व्यावहारिक रूप से कठिन हो गए हैं क्योंकि दिल्ली दूर होने की वजह से यात्रा और मुकदमेबाजी पर काफी खर्च करना पड़ता है।
स्थायी समितियों की सिफारिशों का दिया हवाला
सीएम विजय ने 2004, 2006, 2008 और 2021 की संसदीय स्थायी समितियों की सिफारिशों के साथ-साथ विधि आयोग की रिपोर्टों का भी जिक्र किया। इनमें स्थायी क्षेत्रीय बेंच स्थापित करने का समर्थन किया गया है।
सुप्रीम कोर्ट की क्षेत्रीय बेंचों की स्थापना से जुड़े एक मामले को 2016 में पांच जजों की संविधान बेंच के पास भेजा गया था। सीएम विजय ने पत्र में लिखा है कि 1862 में स्थापित मद्रास हाई कोर्ट भारत के सबसे पुराने उच्च न्यायालयों में से एक है। उन्होंने कहा कि चेन्नई में सुप्रीम कोर्ट की बेंच स्थापित करने के लिए आवश्यक कानूनी विशेषज्ञता और बुनियादी ढांचा है।
सीएम विजय ने कहा है कि क्षेत्रीय बेंच बनने से न्यायपालिका की स्वतंत्रता पर कोई असर नहीं पड़ेगा क्योंकि इसका नियंत्रण चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया के पास ही रहेगा।
यह भी पढ़ें- ‘त्योहारों में दुकानें बंद रहीं तो कैसे चलेगा कारोबार?’
दिल्ली के व्यापारियों की संस्था किराना कमेटी की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया है। याचिका में त्योहारी सीजन के दौरान सेंट्रल दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों पर रोक लगाने की मांग की गई है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
