तमिलनाडु बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने तमिल एक्टर त्रिशा कृष्णन और एक्टर से पॉलिटिशियन बने विजय के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। अब उन्होंने अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांग ली है। नागेंद्रन ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अपने पॉलिटिकल करियर में मैं किसी भी पर्सनल कमेंट की इजाजत नहीं देता और न ही मैं कोई कमेंट करता हूं। लेकिन उस दिन मैंने यह नियम तोड़ा।
अन्नामलाई ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को समझाया
नागेंद्रन ने कहा कि बीजेपी के कोयंबटूर (साउथ) विधायक वनथी श्रीनिवासन और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई ने उनसे इस विवाद पर बात की थी। उन्होंने कहा कि मैंने जो कहा उसका मुझे अफसोस है। के अन्नामलाई ने भी मुझे समझाया। मुझे अपने शब्दों पर अफसोस है और मैं माफ़ी मांगता हूं।
नागेंद्रन ने कहा था, “मुझे उस (विजय) पर दया आती है। उसे अनुभव नहीं है। पहले उसे त्रिशा के घर से बाहर आने दो। उसके परिवार के साथ अच्छे रिश्ते होने चाहिए।”
डीएमके ने भी साधा निशाना
बता दें कि विजय और त्रिशा ने कई फिल्मों में साथ काम किया है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के टिप्पणी की कड़ी आलोचना हुई। डीएमके ने बीजेपी पर निशाना साधा। डीएमके पार्टी की राज्यसभा सांसद कनिमोझी NVN सोमू ने कहा कि किसी नेता की पर्सनल लाइफ की आलोचना करना असभ्य है। उन्होंने कहा, “पॉलिटिक्स में किसी की पर्सनल लाइफ की आलोचना करना असभ्य है। इसके अलावा, इस तरह से बोलना जिससे किसी महिला की गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंचे, जिसका पॉलिटिक्स से कोई लेना-देना नहीं है, यह नारीत्व को कलंकित करने वाला काम है। मिस्टर नैनार नागेंद्रन के लिए, BJP में महिला नेताओं का इसकी निंदा किए बिना चुप रहना अन्याय है।”
त्रिशा ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। त्रिशा के वकील नित्येश नटराज ने उनकी ओर से जारी बयान में कहा, “मेरे क्लाइंट ने कभी उम्मीद नहीं की थी कि राज्य की पॉलिटिकल दुनिया में ऊंचे रुतबे वाला कोई इंसान ऐसा बुरा और गलत कमेंट करेगा। मेरे क्लाइंट ने यह साफ कर दिया है कि वह किसी भी पॉलिटिकल पार्टी से जुड़ी नहीं हैं (और) न ही उनका ऐसा कोई इरादा है। इसके अलावा, जैसा कि मेरे क्लाइंट ने पहले भी लगातार कहा है, पॉलिटिक्स के मामले में उन्होंने हमेशा न्यूट्रल स्टैंड लिया है।” पढ़ें महाराष्ट्र-बिहार और अब तमिलनाडु, महिलाएं कराएंगी CM स्टालिन की वापसी?
(यह भी पढ़ें- ‘पावर-शेयरिंग जरूरी है’, तमिलनाडु में कांग्रेस-डीएमके के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर तनातनी)
