स्वीडन के एक नागरिक (Sweden national) को मुंबई में बैंकॉक से इंडिगो की एक फ्लाइट (IndiGo flight from Bangkok) में केबिन क्रू मेंबर से छेड़छाड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कहा कि आरोपी की पहचान 63 वर्षीय क्लास एरिक हेराल्ड जोनासम (Klas Erik Harald Jonasm) के रूप में हुई है।
अधिकारियों ने कहा कि स्वीडिश नागरिक को गुरुवार को मुंबई हवाईअड्डे पर उड़ान लैंड के बाद एयरलाइन कर्मचारियों द्वारा मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया था। अधिकारियों ने कहा कि आरोपी को इंडिगो एयरलाइंस की शिकायत के बाद गुरुवार को गिरफ्तार किया गया और शुक्रवार को अंधेरी अदालत में पेश किया गया और उसी दिन जमानत दे दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को अंधेरी कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है।
कुछ दिन पहले इंडिगो में हुई थी एक और घटना
पुलिस ने कहा कि उन्होंने मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार पिछले तीन महीनों में भारत में गिरफ्तार किया गया यह आठवां अनियंत्रित एयरलाइन यात्री है। पुलिस ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि 23 मार्च को मुंबई की सहार पुलिस ने दुबई से मुंबई की यात्रा कर रहे इंडिगो के दो यात्रियों के खिलाफ कथित रूप से नशे में धुत होने और चालक दल के सदस्यों के साथ दुर्व्यवहार करने का मामला दर्ज किया था। गिरफ्तार यात्रियों की पहचान दत्तात्रेय बापरडेकर और जॉन जॉर्ज डिसूजा (Dattatreya Bapardekar and John George D’Souza) के रूप में हुई थी।
मुंबई पुलिस के डीसीपी दीक्षित गेदाम (DCP Dixit Gedam) ने मार्च महीने की शुरुआत में समाचार एजेंसी एएनआई को बताया था, “दो इंडिगो यात्रियों को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 336 और विमान नियमों की धारा 21,22 और 25 के तहत नशे में होने और चालक दल के साथ दुर्व्यवहार करने के लिए गिरफ्तार किया गया। दोनों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया था, लेकिन ये धाराएं जमानती थीं, इसलिए उन्हें गिरफ्तार करने के बाद पुलिस स्टेशन से ही जमानत दे दी गई।”
पुलिस के मुताबिक यह घटना 22 मार्च को हुई थी। आरोप है कि यात्री जॉन जॉर्ज डिसूजा और दत्तात्रेय आनंद बापरडेकर ने दुबई से इंडिगो की फ्लाइट से दुबई से मुंबई के लिए उड़ान भरने के बाद शराब पीना शुरू कर दिया। जब केबिन क्रू को इसका पता चला तो उन्होंने उन्हें फ्लाइट के अंदर शराब पीने पर प्रतिबंध की जानकारी दी। लेकिन दोनों आरोपी आग बबूला हो गए और अपनी सीट से उठकर शराब के नशे में फ्लाइट के अंदर जाने लगे।