आम आदमी पार्टी से बीजेपी में गईं राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया गया है। पंजाब में सत्तारूढ़ AAP की मोगा से विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने बुधवार को मालीवाल के खिलाफ यह केस दर्ज कराया है।

स्वाति मालीवाल ने पंजाब के AAP विधायकों को ‘भेड़-बकरी’ कहा था। दिल्ली से राज्यसभा सदस्य मालीवाल हाल ही में छह अन्य नेताओं के साथ भाजपा में शामिल हुई हैं।

डॉक्टर अमनदीप अरोड़ा AAP पंजाब महिला विंग की अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने बताया कि मोगा की स्थानीय अदालत में यह मानहानि का मामला दायर किया गया है। इस मामले में सुनवाई 19 मई को होगी।

‘मालीवाल की टिप्पणी अपमानजनक’

अमनदीप अरोड़ा ने कहा, ”स्वाति मालीवाल जी ने X पर अपनी पोस्ट में AAP विधायकों को ‘भेड़-बकरी’ कहा जो बेहद अपमानजनक और मानहानिकारक है। हम भेड़-बकरी नहीं बल्कि पंजाब विधानसभा के योग्य और जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि हैं। मैं एक प्रशिक्षित डॉक्टर हूं और राजनीति में आने से पहले सात साल तक डॉक्टर के रूप में काम कर चुकी हूं। इसी तरह हमारे कई विधायक डॉक्टर, वकील और शिक्षक हैं। उन्हें इस तरह संबोधित करना गलत है।”

मोगा विधायक ने यह भी कहा कि मालीवाल जहां राज्यसभा में ‘नामित’ सदस्य हैं। वहीं हम पंजाब के विधायक जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि हैं।

उन्होंने कहा, ”हम नामित नहीं बल्कि जनता द्वारा चुने गए विधायक हैं। किसी को भी निर्वाचित प्रतिनिधियों के लिए ऐसे शब्द इस्तेमाल करने का अधिकार नहीं है। उनके बयान से साफ है कि राजनीति का स्तर कितना नीचे गिर चुका है।”

डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा मोगा से पहली बार AAP विधायक बनी हैं और पेशे से MBBS डॉक्टर हैं।

स्वाति मालवाल ने कहा- भेड़ बकरी

आपको बता दें कि पंजाब में दो जगहों पर हुई विस्फोट की घटना के बाद स्वाति मालीवाल ने पंजाब में कानून व्यवस्था को लेकर पंजाब सरकार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था, ”पंजाब सूबे के मुख्यमंत्री 200 गाड़ियाँ और बसों में पंजाब के विधायकों को भेड़-बकरियों की तरह भरकर दिल्ली लेकर आते हैं! माननीय राष्ट्रपति से अकेले मिले और सारे विधायकों को अपने नाम की तख्ती पकड़ाकर बाहर धूप में खड़ा कर दिया। पंजाब विधानसभा में जहां कानून व्यवस्था पर चर्चा होनी चाहिए थी, वहाँ भगवंत मान शराब पीकर आते हैं और बहकी बहकी बातें करते हैं। क्या मज़ाक बना दिया है पंजाब का इन लोगों ने? ”

यह भी पढ़ें: आप के 7 बागी सांसदों में किसकी रही सबसे ज्यादा हाज़िरी और कौन रहा सबसे पीछे?

राघव चड्ढा के साथ बीजेपी में शामिल होने वाले 7 आप सांसद स्वाति मालीवाल, अशोक मित्तल और राघव चड्ढा का राज्यसभा में उपस्थिति का पूरा लेखा-जोखा। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें