पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद कई जगहों से हिंसा की खबरें आई है। बुधवार देर रात बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कोलकाता के मध्यमग्राम क्षेत्र में हत्यारों ने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। वारदात के बाद सुवेंदु अधिकारी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भवानीपुर जीतने की वजह से हत्या हुई है।

सुवेंदु ने टीएमसी पर लगाया आरोप

सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि हत्या एक सोची समझी साजिश के तहत की गई है। सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि टीएमसी माहौल खराब करना चाहती है। उन्होंने कहा कि मेरे करीबी होने की वजह से चंद्रनाथ रथ की हत्या हुई है। सुवेंदु ने कहा कि बंगाल से गुंडाराज खत्म करेंगे।

चंद्रनाथ की मां का छलका दर्द

चंद्रनाथ रथ की मां हासिरानी रथ का भी बयान सामने आया ही। उन्होंने अपने बेटे की हत्या के लिए सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं और दोषियों के लिए कड़ी सजा की मांग की है। उन्होंने कहा कि सुवेंदु अधिकारी द्वारा ममता बनर्जी को हराने के बाद से उनका परिवार लगातार खतरे में था। उन्होंने कहा, “जब से सुवेंदु बाबू ने ममता बनर्जी को हराया है तब से हमारे परिवार पर खतरा मंडरा रहा है।”

शिवराज ने भी टीएमसी पर लगाया आरोप

चंद्रनाथ की हत्या पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “टीएमसी और ममता बनर्जी अपनी करारी हार से हिल गई हैं। लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं है। फिर भी टीएमसी ने इसका सहारा लिया है। मामला अब चरम पर पहुंच गया है, क्योंकि सुवेंदु अधिकारी के सहायक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारा उद्देश्य एक ऐसा बंगाल बनाना है जो हिंसा मुक्त हो, भय मुक्त हो और पूर्णतः विकसित हो। लोकतंत्र में ऐसी घटना न केवल दुखद है, बल्कि शर्मनाक भी है। अपराधी बच नहीं पाएंगे। बंगाल सुरक्षित और विकसित दोनों होगा।”

चंद्रनाथ पर कई राउंड गोलियां चलाईं गई और बहुत पास से उन पर हमला किया गया, जिसमें उनकी मौत हो गई। इसके अलावा चंद्रनाथ रथ के पीएस (सुरक्षागार्ड) बुद्धदेव को भी गोली मारी गई है। गोलीबारी में रथ को कई गोलियां लगीं और उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टर्स उनकी जान नहीं बचा सके। बदमाशों ने निजी सचिव चंद्रनाथ रथ की गाड़ी रूकवाई और उन्हें प्वाइंट ब्लैंक रेंज से निशाना बनाया। कई राउंड फायरिंग में चंद्रनाथ के सिर और सीने में गोलियां लगीं।

(यह भी पढ़ें- फूटकर रोने लगीं चंद्रनाथ रथ की पत्नी इंद्रानी रथ)

सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या की खबर ने बंगाल की राजनीति को पूरी तरह से हिलाकर रख दिया है। मृतक चंद्रनाथ रथ की पत्नी इंद्रानी रथ ने अपने पति के हत्यारों के लिए कड़ी सजा की मांग की है। पढ़ें पूरी खबर