पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता रिजु दत्ता ने IPAC और अपने ही पार्टी के नेतृत्व को कठघरे में खड़ा कर दिया है। टीएमसी से निलंबित नेता रिजु दत्ता ने IPAC पर भ्रष्टाचार और पार्टी पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी पर सवाल उठाए हैं कि उनके रहते यह कैसे हुआ।
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए रिजु दत्ता ने कहा कि आईपैक ने पार्टी से भी पैसा लिया और उम्मीदवारों से भी पैसा लिया। ऐसे में दीदी (ममता बनर्जी) और अभिषेक बनर्जी को जिम्मेदारी लेनी होगी कि कैसे दोनों बाहर की संस्था ने पूरी पार्टी को कैपचर (कब्जा) कर लिया। जब प्रतीक जैन के घर पर ईडी की रेड हुई तो दीदी दौड़ कर गई अपना डेटा लेने के लिए कि यह मेरी पार्टी का डेटा है। अब सुप्रीम कोर्ट में ईडी का केस चल रहा है। अगर केस ईडी के पक्ष में गया तो दीदी को जेल भी हो सकता है।
ईडी ने विरोध भी नहीं किया- रिजु दत्ता
आगे कहा कि जब दूसरे चरण की वोटिंग खत्म हुई तो अगले दिन IPAC के डायरेक्टर विनेश चंडेल को बेल मिल गई, कभी सुना है भारत के इतिहास में कि निचली अदालत में पीएमएलए कोर्ट से बेल मिल गई और ईडी ने विरोध भी नहीं किया। इसका मतलब है कि दीदी को केस में फंसाया और दीदी के निकल जाने के बाद डेटा ऐसे ही दे दिया।
नए मुख्यमंत्री की तारीफ की
आगे रिजु दत्ता ने नए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की तारीफ की और कहा कि उन्होंने टीएमसी के 5000 कार्यकर्ताओं की जान बचाई है। उन्होंने कहा, “सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बने हुए दो दिन हो गए हैं,लेकिन इन दो दिनों में उन्होंने 5000 टीएमसी कार्यकर्ताओं की जान बचा ली। उनके पीए को 6 मई को गोली लगी। अगर सुवेंदु अधिकारी कहते कि बंगाल में बदला लिया जाएगा तो उसी रात 5000 टीएमसी कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी जाती। पर सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि कोई भी कानून को अपने हाथों में नहीं लेगा। हम इस मामले को देख रहे हैं, शांति बनाएं रखें। मैं उन्हें सलाम करता हूं।”
तृणमूल कांग्रेस ने रिजू दत्ता को हाल ही में पार्टी लाइन से बाहर जाकर बयान देने के आरोप में निलंबित कर दिया गया, जिसके बाद अब उन्होंने टीएमसी और आईपैक को घेरना शुरू कर दिया है।
करप्शन और टीएमसी एक-दूसरे के पूरक- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
टीएमसी के निलंबित नेता रिजु दत्ता के इस बयान पर पश्चिम बंगाल के भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने कहा, “यह टीएमसी का अंदरूनी मामला है। भाजपा दूसरे के पार्टी में क्या हो रहा, इसे झांकने का काम नहीं करती। हमने पहले दिन से ही कहा कि टीएमसी को राजनीतिक पार्टी के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। टीएमसी की हमेशा पुरानी विचारधारा रही, जो जीता वही सिकंदर, कैसे भी करते बूथ पर आगे रहना है बस। उन्होंने बंगाल को खुला बाजार बना दिया, इसलिए वे हारे। उनका लाइफ साइकल अब खत्म हो गया है। अभी एक-दूसरे आरोप लगाने पर कोई काम नहीं बनता। आज से सात साल पहले तरीके एक ही था, पिछले सात सालों से TMC का संगठन कौन संभाल रहा था? पुलिस… करप्शन और टीएमसी एक-दूसरे के पूरक हैं। टीएमसी ने अपने कार्यकर्ता से भी पैसे लेकर उन्हें नौकरी दी।”
आगे उन्होंने कहा, “अनुपम खेर के सिर पर तो फिर से बाल उग सकते हैं, लेकिन TMC चौथी बार सत्ता में वापस नहीं आएगी… मैं सचमुच अनुपम खेर का बहुत बड़ा प्रशंसक हूँ। उनकी बहुत कम ही ऐसी फिल्में हैं जो मैंने नहीं देखी हैं। उन्हें बहुत-बहुत धन्यवाद और बधाई।”
यह भी पढ़ें: ‘बंगाल से पलायन रुके’, PM मोदी ने जिनके पैर छुए, उन माखनलाल सरकार ने अब की बड़ी मांग
पश्चिम बंगाल में भाजपा की नई सरकार के गठन के समय 98 साल के माखनलाल सरकार चर्चा में रहे। वे पार्टी के सबसे पुराने कार्यकर्ताओं में से एक हैं। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका खास सम्मान किया। अब माखनलाल सरकार ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “मोदी जी ने मेरे पैर छूने के बाद मुझे एक शॉल दी, गले लगाया।” पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
