Surya Chauhan Murder Case: गाजियाबाद के खोड़ा में सूर्या चौहान हत्याकांड मामले में अब प्रशासन ने आरोपी असद के घर पर कार्रवाई का नोटिस चस्पा कर दिया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को पूरे इलाके में मुनादी कराई और 15 दिन के भीतर अवैध कब्जा हटाने का अल्टीमेटम दिया है।

बताया जा रहा है कि जिस मकान पर बुलडोजर चलाने की चेतावनी दी गई है, वह आरोपी असद के पिता के नाम पर पंजीकृत है। कहा जा रहा है कि घर को बेचने की तैयारी चल रही थी, लेकिन गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का कहना है कि यह मकान अभी भी असद के पिता के नाम पर ही दर्ज है।

कुछ दिन पहले ही सूर्या चौहान की मां ने रोते हुए मीडिया से कहा था कि उनकी बेटी के हत्यारों के घरों पर बुलडोजर चलना चाहिए। उनके इस बयान के कुछ दिन बाद ही प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की चेतावनी जारी कर दी है।

मुठभेड़ में मारा गया था असद

जानकारी के लिए बता दें कि 28 मई को 17 वर्षीय सूर्या चौहान की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई थी। मुख्य आरोपी असद और उसके साथियों ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक मुठभेड़ में असद को मार गिराया। इस पर सूर्या की मां और बहन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि पुलिस की कार्रवाई पूरी तरह उचित है। उन्होंने यह भी दावा किया था कि इस साजिश में और भी लोग शामिल हैं जिनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उनका कहना था कि दोषियों के घरों पर भी बुलडोजर चलना चाहिए।

फिलहाल प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किए जाने के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। इस बीच उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की है। उन्होंने कहा है कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और जो लोग धमकी दे रहे हैं, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने परिवार को आर्थिक सहायता देने का आश्वासन भी दिया है।

ये भी पढ़ें- असद का यूपी पुलिस ने किया एनकाउंटर