Anant Singh Bail Cancel: सुप्रीम कोर्ट ने दुलारचंद यादव हत्याकांड मामले में जेडीयू विधायक अनंत सिंह को मिली जमानत रद्द कर दी है। कोर्ट ने अनंत सिंह को 1 दिसंबर, 2026 तक या उससे पहले अधिकारियों के सामने सरेंडर करने का निर्देश दिया है।

जस्टिस एम.एम. सुंदेश और जस्टिस पी.वी. वराले की बेंच ने कहा कि पटना हाई कोर्ट का अनंत सिंह को जमानत देने का फैसला गलत था, क्योंकि हाई कोर्ट ने अपराध की प्रकृति और अनंत सिंह के आपराधिक इतिहास पर ध्यान नहीं दिया था। इसलिए, सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट के आदेश पर रोक लगा दी और अनंत सिंह की जमानत रद्द कर दी।

दुलारचंद यादव हत्याकांड क्या था?

2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में अनंत सिंह जदयू के टिकट पर मोकामा से चुनाव लड़ रहे थे। वहीं, जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में दुलारचंद यादव प्रचार कर रहे थे। 30 अक्टूबर को दुलारचंद यादव के पोते नीरज कुमार द्वारा घोसवारी थाने में दर्ज कराई शिकायत में कहा गया है कि अनंत सिंह अपने कई साथियों के साथ उनकी गाड़ी के पास आए और दुलारचंद यादव को गालियां देने लगे। जब यादव ने इसका विरोध किया तो राजवीर सिंह और कर्मवीर सिंह नाम के दो लोगों ने उन्हें गाड़ी से बाहर खींच लिया।

शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद अनंत सिंह ने अपनी कमर से पिस्तौल निकाली और दुलारचंद यादव पर गोली चला दी, जो उनके बाएं टखने में लगी। इसके बाद दुलारचंद यादव गिर गए और छोटन सिंह और संजय सिंह नाम के दो लोगों ने उन पर रॉड से हमला कर दिया।

अनंत सिंह ने जेल में रहते हुए जीता चुनाव

इस मामले में अनंत सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। हालांकि, जेल में रहते हुए भी उन्होंने चुनाव में जीत दर्ज की थी। मार्च 2026 में पटना हाई कोर्ट से जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर आ गए थे।

अनंत सिंह को पार्टी से निष्कासित किया गया

बता दें कि जनता दल यूनाइटेड ने अपनी पार्टी के विधायक अनंत सिंह को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था। उन्होंने हाल ही में विधान परिषद चुनाव में जेडीयू प्रत्याशी नीरज सिंह का खुलकर विरोध किया था। अनंत सिंह के साथ उनकी पत्नी नीलम देवी को भी जेडीयू से निष्कासित कर दिया गया है। जेडीयू ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण अनंत सिंह को बाहर का रास्ता दिखाया है।

यह भी पढ़ें: ‘मैं अपनी पार्टी बना लूंगा’, JDU से निकाले जाने के बाद आई अनंत सिंह की पहली प्रतिक्रिया; नीतीश कुमार के लिए कही ये बात

बिहार में विधानपरिषद चुनाव को लेकर जेडीयू में आंतरिक टकराव काफी बढ़ गया। मोकामा से जेडीयू के विधायक अनंत सिंह ने अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी का विरोध कर दिया। इसके चलते जेडीयू ने उन्हें 6 साल के लिए निकाल दिया गया। इसको लेकर अब अनंत सिंह की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि वे नीतीश कुमार का सम्मान करते हैं और करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार होते तो कौन उन्हें पार्टी से निकाल देता। अपने फ्यूचर पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि वे खुद अपनी पार्टी बना लेंगे। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…