अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला राजनीतिक रूप ले चुका है। कांग्रेस का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को अयोध्या पहुंचा था और रामलला के दर्शन करने वाला था। इसका नेतृत्व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय करने वाले थे। हालांकि उन्हें होटल में ही पुलिस ने रहने को कह दिया। अजय राय ने कहा कि उन्हें हाउस अरेस्ट किया गया है।

अब इस मामले पर कांग्रेस ने बीजेपी पर निशाना साधा है। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा है कि आपने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और अन्य नेताओं को नजरबंद क्यों किया?

कांग्रेस लगातार चंदे की चोरी का पर्दाफ़ाश कर रही- सुप्रिया

कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, “आपने अजय राय और कांग्रेस के कई अन्य नेताओं को नज़रबंद क्यों किया? मैं एक पलटकर सवाल पूछना चाहती हूं – अगर अरविंद केजरीवाल आते हैं, तो उनके लिए शानदार रील्स बनाई जाती हैं। वे मंदिर से बाहर निकलकर बयान देते हैं, वहां उनके वीडियो शूट किए जाते हैं, फिर भी आप कांग्रेस नेताओं को नज़रबंद कर देते हैं। क्यों? क्योंकि कांग्रेस लगातार चंदे की चोरी का पर्दाफ़ाश कर रही है, जबकि दूसरे इस मामले पर चुप रहते हैं।”

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय कर रहे थे जबकि इसमें सांसद किशोरी लाल शर्मा, राकेश राठौर, उज्ज्वल रमण सिंह और तनुज पुनिया भी शामिल थे। सोमवार देर रात ही कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अजय राय को अयोध्या के एक होटल में नजरबंद कर दिया गया है। पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताया और प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए।

चंदा चोरी में 8 लोग हो चुके हैं गिरफ्तार

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में अब तक आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इसके अलावा श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा का इस्तीफा भी हो चुका है। पिछले कुछ दिनों में जांच में तेजी आई है, जिसमें पुलिस कथित साजिश का पता लगाने और मामले से जुड़े धन के फ्लो का पता लगाने के लिए वित्तीय लेनदेन, साक्ष्य और गवाहों के बयानों की जांच कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें-राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर चंपत राय से पुलिस ने 3 घंटे तक की पूछताछ, दर्ज किया गया बयान

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जांच आगे बढ़ रही है। इस बीच पुलिस ने राम मंदिर ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय से करीब 3 घंटे तक पूछताछ की गई। पुलिस ने चंपत राय का बयान दर्ज कर लिया है। पढ़ें पूरी खबर