सुप्रीम कोर्ट ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के मद्देनजर 10 अक्टूबर को दिल्ली मेट्रो और भारतीय रेलवे की ट्रेनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक नहीं लगाने की बात कही थी। हालांकि कोर्ट के आदेश का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है और अधिकारियों के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू किए जाने का अनुरोध किया गया है। इसी से जुड़ी याचिका पर कोर्ट रविवार को सुनवाई करेगा
सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर अपलोड की गई 11 अक्टूबर की वाद सूची के अनुसार जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ के समक्ष इस याचिका पर सुनवाई होगी। अधिवक्ता शैलेन्द्र मणि त्रिपाठी की ओर से शनिवार को दायर याचिका में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार और दिल्ली मेट्रो रेल निगम के प्रमुख डी. तारा को प्रतिवादी बनाया गया है।
दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार पर आरोप
अधिवक्ता चांद कुरैशी के माध्यम से दायर याचिका में कहा गया है, “नागरिकों के मौलिक अधिकारों का यह क्रूर हनन और इस अदालत के आदेशों की पूरी तरह अनदेखी करना दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस और केंद्र सरकार की ओर से जानबूझकर और सोच-समझकर की गई कोशिश है। इससे सख्ती से निपटा जाना चाहिए।”
याचिका में सुप्रीम कोर्ट के 9 अक्टूबर के आदेश का हवाला दिया गया है। यह आदेश विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशन बंद किए जाने और दिल्ली जाने वाली ट्रेनों को रद्द किए जाने के खिलाफ दायर एक अन्य याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया गया था। याचिका में कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट के 9 अक्टूबर के निर्देश के बावजूद अधिकारियों ने राष्ट्रीय राजधानी में मेट्रो स्टेशन बंद कर रखे हैं। इसमें कहा गया है कि इन पाबंदियों से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है और लोगों को परेशानी हुई है।
शुक्रवार को भी हुई थी मामले की सुनवाई
निर्वाचन आयोग के कामकाज में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी और कुछ छात्र संगठनों ने विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था। शुक्रवार को इस मामले की सुनवाई करते हुए चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची तथा जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने केंद्र को निर्देश दिया था कि प्रदर्शन के कारण 10 अक्टूबर को मेट्रो और दिल्ली आने वाली रेलगाड़ियों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई जाए। पीठ ने कहा था कि सब कुछ ठप नहीं किया जा सकता। सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि कानून-व्यवस्था लागू करने वाली एजेंसियों को अनियंत्रित आवाजाही पर रोक लगाने के लिए कदम उठाने का अधिकार है, लेकिन नागरिकों को बेवजह परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें- ‘ज्ञानेश कुमार को जाना ही होगा…’
विपक्षी इंडिया गठबंधन ने ऐलान किया है कि 12 अक्टूबर को वह दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन करेगा। इस प्रदर्शन में इंडिया गठबंधन में शामिल दलों के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और वोटर लिस्ट के एसआईआर की प्रक्रिया के खिलाफ किया जाएगा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
