दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में एक नाबालिग के साथ हुई गैंगरेप की घटना को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को सख्त रुख अपनाते हुए केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस को एक खास संदेश दिया। कोर्ट ने कहा कि राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं ताकि महिलाएं रात को 10 बजे भी सुरक्षित महसूस कर सकें।
दिल्ली के कालकाजी इलाके में आस्था कुंज पार्क के अंदर एक नाबालिग के साथ हुई गैंगरेप की घटना और उसके बाद सामने आए यौन उत्पीड़न के मामलों पर स्वत: संज्ञान लेते हुए सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को अहम सुनवाई की।
‘पब्लिक ट्रांसपोर्ट और पब्लिक प्लेस में सेफ महसूस करें महिलाएं’
शीर्ष अदालत ने कहा कि दिल्ली में हर महिला को सार्वजनिक जगहों और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करते समय सुरक्षित महसूस होना चाहिए। कोर्ट ने केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस से राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा।
‘महिलाओं को सुरक्षित महसूस होना चाहिए’
सोमवार को जस्टिस जेबी पारदीवाला की अगुवाई वाली बेंच ने इस स्वत: संज्ञान वाली याचिका पर सुनवाई के दौरान कहा कि यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि दिल्ली में कोई भी महिला सार्वजनिक स्थानों पर खुद को असुरक्षित महसूस न करे। कोर्ट ने कहा कि महिला चाहे रात 10 बजे सड़क पर पैदल चल रही हो या फिर मेट्रो और सड़क परिवहन से यात्रा कर रही हो उसे सुरक्षित महसूस होना चाहिए। कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से कहा है कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए कि गुंडों के मन में डर पैदा हो।
‘पब्लिक प्लेस में हाई रिस्क जोन का क्या मतलब है’
सुप्रीम कोर्ट ने इससे पहले सुनवाई में कहा था कि पार्क, सड़क और बस जैसे सार्वजनिक स्थानों को महिलाओं और बच्चों के लिए ‘हाई रिस्क जोन’ बनने की अनुमति नहीं दी जा सकती। अदालत ने यह भी सवाल उठाया था कि 2012 के निर्भया कांड के बाद सुरक्षा व्यवस्था में क्या सबक सीखा गया? कोर्ट ने महिलाओं की सुरक्षा को संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत सम्मान और हिंसा से मुक्त जीवन के अधिकार से भी जोड़ा है।
देशभर से सामने आए चौंकाने वाले मामले
बता दें कि पिछले कुछ दिनों के अंदर राजधानी दिल्ली समेत देश के कई राज्यों से महिलाओं के प्रति होने वाली आपराधिक घटनाओं में तेजी आई है। दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में 17 साल की लड़की के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया गया तो वहीं बिहार के जमुई और समस्तीपुर से लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आईं। नोएडा-ग्रेटर मोएडा में भी 16 साल की लड़की के साथ चलती बस में गैंगरेप की घटना हुई थी। इन घटनाओं को लेकर देश भर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। जंतर-मंतर पर भी महिला सुरक्षा के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन हो रहा है।
यह भी पढ़ें: ‘ऐसे चुनाव आयोग को बर्दाश्त नहीं कर सकते…’, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज रोहिंटन फली नरीमन ने बंगाल चुनाव का किया जिक्र
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस रोहिंटन फली नरीमन ने एसआईआर से संबंधित मुद्दों में सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा, “हम एक ऐसे चुनाव आयोग को बर्दाश्त नहीं कर सकते जो ठीक से काम नहीं करता।” वरिष्ठ न्यायविद ने चुनाव आयोग के बारे में इंडियन एक्सप्रेस की जांच का हवाला देते हुए कहा कि मतदान का अधिकार गंभीर खतरे में है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
