सुप्रीम कोर्ट ने बृहस्पतिवार को दिल्ली सरकार और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की खिंचाई की है। यह खिंचाई त्योहारों के दौरान पटाखों के इस्तेमाल को नियंत्रित करने को लेकर अदालत के द्वारा दिए गए निर्देशों को लागू करने में फेल रहने के लिए लगाई गई है।

जस्टिस एम.एम. सुंदरेश और जस्टिस पी.बी. वराले की बेंच ने कहा कि निर्देशों का पालन न होने से ऐसा लगता है कि कोर्ट के आदेश केवल ‘किताबी’ बनकर रह गए हैं और बार-बार नियमों का उल्लंघन करना एक तरह से ‘मजाक’ उड़ाने जैसा है।

अदालत ने कहा, “आपने असल में क्या किया है? जब तक आप हमें यह नहीं बता सकते कि आपने क्या किया है, तब तक आदेश पारित करने का क्या मतलब है? यह तो एक मजाक बनकर रह जाता है।”

क्या डेटा इकट्ठा किया?

कोर्ट ने पूछा कि क्या पिछले साल दिए गए आदेशों के तहत बनाई गई प्रवर्तन टीमों ने वास्तव में उन इलाकों का दौरा किया था? उन्होंने कब दौरा किया और क्या डेटा इकट्ठा किया? साथ ही, क्या उन इलाकों का कोई आकलन किया गया जहां AQI (हवा की गुणवत्ता सूचकांक) बहुत बढ़ गया था और जहां नहीं बढ़ा था?

कोर्ट ने कहा, “अगले साल जब हम यहां नहीं होंगे, तब आप किसी दूसरी बेंच के सामने भी शायद ऐसी ही दलीलें देंगे।” कोर्ट ने अधिकारियों से अपील की कि वे कुछ बड़ा सोचें। बेंच ने कहा कि यह मुद्दा अधिकारियों के लिए कोई आपसी विवाद का विषय नहीं है बल्कि इसका संबंध हर जीवित प्राणी से है।

हम भावनाओं को समझते हैं- अदालत

अदालत ने यह भी कहा कि वह त्योहारों से जुड़ी लोगों की भावनाओं को समझती है और उसका मकसद धार्मिक पहलुओं में दखल देना नहीं है। लेकिन अदालत ने इस बात पर जोर दिया कि बिना किसी को नुकसान पहुंचाए त्योहार मनाने का कोई व्यावहारिक तरीका खोजना जरूरी है।

मौके पर जाकर हालात की निगरानी करें अधिकारी

कोर्ट ने कहा, “हम पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने के पक्ष में नहीं हैं, हम संतुलन बनाने की कोशिश कर रहे हैं।” साथ ही, कोर्ट ने अधिकारियों से कहा कि वे उन दो दिनों पर विशेष ध्यान दें जब पटाखे चलाने की इजाजत है और यह सुनिश्चित करें कि अधिकारी वास्तव में मौके पर जाकर हालात की निगरानी करें।

अदालत ने यह भी सवाल उठाया कि क्या केवल पटाखों की बिक्री को नियंत्रित करना काफी है क्योंकि व्यापारी तो मांग और आपूर्ति के हिसाब से ही काम करेंगे। बेंच ने कहा, “जाहिर है, एक व्यापारी के तौर पर वे हमेशा मांग और आपूर्ति को ही देखेंगे। वे ज्यादा से ज्यादा कारोबार करना चाहेंगे।”

बेंच ने कहा कि समस्या ‘प्रकाश के त्योहार’ से नहीं बल्कि पटाखों से है। अदालत ने सुझाव दिया कि लोगों को पटाखे न जलाने के लिए जागरूक करने के लिए जानी-मानी हस्तियों और मशहूर लोगों की मदद ली जानी चाहिए।

बेंच ने कहा, “त्योहार के दौरान लोगों में काफी उत्साह होता है… हम उनके खिलाफ मामले तो दर्ज नहीं कर सकते लेकिन आप यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि हमारे आदेशों का पालन हो। हम लोगों की भावनाओं को भी समझते हैं। हमारा मुद्दा धर्म से जुड़ा नहीं है, बल्कि तार्किक बात पर है। हम किसी को नुकसान पहुंचाए बिना त्योहार कैसे मना सकते हैं?”

प्रदूषण से निपटने के कदमों के बारे में बताया

अदालत में इस दौरान अधिकारियों ने सर्दियों के दौरान होने वाले प्रदूषण से निपटने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि इन कदमों में 608 एंटी-स्मॉग गन, ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, हरियाली बढ़ाने के उपाय और बेहतर निगरानी शामिल हैं।

विराट कोहली की मदद लेने का दिया सुझाव

अदालत ने कहा, “पहले कोई समस्या नहीं थी, समस्या तब शुरू हुई जब पटाखे आ गए। वरना, हम पहले दीये जलाते थे और वह बहुत सुंदर लगता था।” अदालत ने सुझाव दिया, “जागरूकता फैलाने के लिए विराट कोहली जैसी किसी जानी-मानी हस्ती की मदद लें।”

दिल्ली सरकार ने तैयार किया एक्शन प्लान

एडिशनल सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने बताया कि दिल्ली सरकार ने एक एक्शन प्लान तैयार किया है और वह प्रदूषण के मौसम के लिए पूरी तरह तैयार है। हालांकि, अदालत ने एमिकस क्यूरी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि CAQM की 29 इकाइयों में से केवल नौ ही काम कर रही हैं।

अदालत ने इस बात पर भी सवाल उठाया कि निर्देशों के अनुपालन और उसके असर से जुड़ी रिपोर्ट क्यों नहीं हैं, जिनसे पता चल सके कि अदालत के निर्देशों का कोई सकारात्मक नतीजा निकला है या नहीं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में BS-6 से कम गाड़ियों के प्रवेश पर रोक

दिल्ली में ‘विंटर एक्शन प्लान’ के तहत बीएस-6 मानक से कमतर डीजल-पेट्रोल गाड़ियों के प्रवेश पर रोक से नोएडा- ग्रेनो में मालभाड़ा और टैक्सी के किराए में बढ़ोत्तरी के आसार बन गए हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।