Supreme Court News: सुप्रीम कोर्ट ने तृणमूल कांग्रेस के महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी की ओर से दायर याचिका पर 20 बागी सांसदों से जवाब मांगा है। लेकिन कोर्ट ने मामले में मुख्य प्रतिवादी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को नोटिस जारी नहीं किया।

अनुच्छेद 32 के तहत दायर की गई रिट याचिका को भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी मोहना की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष सूचीबद्ध किया गया था। जस्टिस बागची ने कहा, “यह नोटिस जारी करने का सवाल नहीं है, यह कार्यवाही को एक निश्चित समय सीमा के अंदर खत्म करने का सवाल है।”

लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, हालांकि पीठ याचिका पर प्रतिवादियों को नोटिस जारी करने के पक्ष में थी, लेकिन सॉलिसिटर जनरल ने निवेदन किया कि अध्यक्ष और उनके कार्यालय को नोटिस जारी न किया जाए। सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि वे अध्यक्ष की ओर से पेश होंगे। उन्होंने आगे कहा कि उन्हें निर्देश मिले हैं कि अध्यक्ष ने अयोग्यता याचिकाओं पर नोटिस जारी कर दिए हैं।

इस याचिका में क्या-क्या मांग की

इस याचिका में बागी सांसदों के खिलाफ अयोग्यता कार्यवाही पर फैसले में हो रही देरी को चुनौती दी गई है। यह विवाद टीएमसी संसदीय दल के अंदर हुए विद्रोह से उपजा है। इसमें 20 सांसदों ने पार्टी से अलग होकर एनसीपीआई से जुड़ने की मांग की है। बागी खेमे ने लोकसभा में एक अलग समूह के रूप में मान्यता की मांग की है।

टीएमसी का कहना है कि सांसद पार्टी के चिन्ह पर चुने गए थे और बाद में किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल होने का उनका फैसला दलबदल विरोधी कानून के प्रावधानों के तहत आता है। अभिषेक बनर्जी ने इससे पहले अध्यक्ष ओम बिड़ला के समक्ष अलग-अलग अयोग्यता याचिकाएं पेश की थीं और जल्द से जल्द निपटारे की मांग की थी।

बागी सांसदों में कौन-कौन शामिल?

बागी सांसदों में काकोली घोष दस्तीदार, सुदीप बंद्योपाध्याय, सताबदी रॉय, प्रसून बनर्जी, रचना बनर्जी, जगदीश चंद्र बर्मा बसुनिया, पार्थ भौमिक, अरूप चक्रवर्ती, अधिकारी दीपक देव, सायोनी घोष, बापी हलदर, एमडी अबू ताहेर खान, कालीपद सारेन खेरवाल, असित कुमार मल, जून मलिया, मिताली बाग, खलीलुर रहमान, माला रॉय, शर्मिला सरकार और यूसुफ पठान का नाम शामिल है।

यह भी पढ़ें: ‘दीदी ही सब कुछ हैं…’, बागी गुट छोड़ ममता बनर्जी खेमे में लौटे TMC विधायक कासिम सिद्दीकी

तृणमूल कांग्रेस के अंदर चल रहे आंतरिक संघर्ष के बीच एक और बड़ा राजनीतिक बदलाव आया है। अमदंगा विधायक कासिम सिद्दीकी ने बागी खेमे को छोड़कर ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल पार्टी में लौटने की घोषणा की है। कुछ महीने पहले ही वे ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट में शामिल हुए थे। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…