अभिनेता विजय देवरकोंडा ने सुपर अल नीनो की आशंकाओं के बीच लोगों से पानी, बिजली और खाने का सावधानी से इस्तेमाल करने की अपील की है। अपनी आने वाली फिल्म ‘रणबाली’ के प्री-रिलीज इवेंट में उन्होंने कहा कि अगले एक साल तक संसाधनों का इस्तेमाल सोच-समझकर करना जरूरी है। उन्होंने 150 साल पहले पड़े मद्रास के भीषण अकाल का जिक्र करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी।

विजय देवरकोंडा ने कहा कि सुपर अल नीनो एक महत्वपूर्ण विषय है और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी इस बारे में बात कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को इस स्थिति की गंभीरता समझनी चाहिए और रोजमर्रा की जिंदगी में पानी, बिजली और खाने की बर्बादी रोकनी चाहिए।

‘अगले एक साल तक सावधानी से इस्तेमाल करें संसाधन’

विजय ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे इस बात पर ध्यान दें कि कितना पानी और बिजली इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने खाने की बर्बादी रोकने पर भी जोर दिया। अभिनेता ने कहा, ”यह एक अपील है। मैं आप सभी से निवेदन करता हूं कि पानी का ध्यान रखें। बिजली का इस्तेमाल सावधानी से करें और खाने को बर्बाद न करें। हमें बिना कुछ बर्बाद किए सावधानी से संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए अगले एक साल को पार करना होगा।”

उन्होंने कहा कि सुपर अल नीनो के संभावित प्रभावों को गंभीरता से लेने की जरूरत है। विजय के मुताबिक, मुख्यमंत्री की ओर से इस मुद्दे पर बात किया जाना भी इसकी अहमियत को दिखाता है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और अपनी जिम्मेदारी समझने की अपील की।

मद्रास के भीषण अकाल का किया जिक्र

अभिनेता ने अपने संबोधन में करीब 150 साल पहले पड़े मद्रास के भीषण अकाल का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि उस समय अंग्रेजों के अत्याचारों और गलतियों के कारण बड़ी संख्या में लोगों की जान गई थी। विजय ने कहा कि इतिहास में लोगों ने बहुत दुख और तकलीफें झेली हैं और आज की पीढ़ी को ऐसी स्थिति से बचने के लिए सावधानी बरतनी चाहिए।

हालांकि विजय ने भारतीयों की मजबूती पर भरोसा जताते हुए कहा कि देश के लोगों ने सदियों से मुश्किलों का सामना किया है और हर बार आगे बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि भारतीय इस चुनौतीपूर्ण दौर से भी निकल जाएंगे।

विजय देवरकोंडा की यह अपील ऐसे समय आई है जब सुपर अल नीनो को लेकर चिंता जताई जा रही है। उन्होंने लोगों से किसी भी संभावित संकट का सामना करने के लिए अभी से पानी, बिजली और भोजन जैसे जरूरी संसाधनों को बचाने की आदत अपनाने का आग्रह किया।

यह भी पढ़ें: भारत पर मंडरा रहा सुपर अल नीनो का बड़ा खतरा! जानलेवा गर्मी से 15800 अतिरिक्त मौतों का अनुमान

भारत में आने वाले महीनों में गर्मी का असर और गंभीर हो सकता है। शिकागो यूनिवर्सिटी के एनर्जी पॉलिसी इंस्टीट्यूट की एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर 2026 से फरवरी 2027 के बीच देश में सामान्य साल की तुलना में करीब 15800 अतिरिक्त मौतें हो सकती हैं। रिपोर्ट में इसकी बड़ी वजह सुपर अल नीनो को बताया गया है।