सुनेत्रा अजित पवार ने बारामती विधानसभा उपचुनाव में रिकॉर्ड 2.18 लाख से अधिक वोटों के अंतर से जीत दर्ज करने के दो दिन बाद बुधवार को राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा दे दिया। विधायक निर्वाचित होने के बाद सुनेत्रा ने उसी दिन उपराष्ट्रपति भवन में भारत के उपराष्ट्रपति और राज्यसभा सभापति सी.पी. राधाकृष्णन से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपा।

एनसीपी ने बताया कि सभापति ने उनका इस्तीफा 6 मई से प्रभावी मानते हुए स्वीकार कर लिया। इस्तीफा देने के बाद सुनेत्रा पवार ने कहा, “महाराष्ट्र विधानसभा के लिए चुने जाने के बाद मैंने राज्यसभा सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया है। मैं महाराष्ट्र की जनता की आभारी हूं जिन्होंने मुझे विधानसभा भेजा और राष्ट्रीय स्तर पर राज्यसभा सदस्य के रूप में काम करने का अवसर दिया। मेरा कार्यकाल भले छोटा रहा हो लेकिन इसने मुझे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों को समझने का व्यापक दृष्टिकोण दिया।”

उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए सार्वजनिक जीवन के अगले चरण के लिए मार्गदर्शन भी दिया। सुनेत्रा पवार को उनके पति और NCP के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजित पवार ने राज्यसभा के लिए नामित किया था। वह 18 जून 2024 को निर्विरोध चुनी गई थीं। उन्होंने NCP के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल की जगह ली थी, जिनका कार्यकाल अभी चार साल बाकी था।

हालांकि, उसी महीने सुनेत्रा पवार को बारामती लोकसभा चुनाव में अपनी ननद और एनसीपी (शरद पवार) प्रमुख शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले से 1.58 लाख वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। बारामती लोकसभा चुनाव में अजित पवार ने पत्नी की जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। भाजपा और शिवसेना समेत गठबंधन सहयोगियों ने भी उनका पूरा साथ दिया था।

चुनाव के दौरान पवार परिवार के दो धड़ों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला था। यहां तक कि अजित पवार के भाई और उनके परिवार ने भी सुप्रिया सुले का समर्थन किया था। हालांकि, लोकसभा चुनाव में हार के बाद अजित पवार ने सुनिश्चित किया कि उनकी पत्नी राज्यसभा पहुंचें।

अब सुनेत्रा पवार ने बारामती विधानसभा उपचुनाव में 2.18 लाख से अधिक वोटों के रिकॉर्ड अंतर से जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने पति अजित पवार का 2019 का 1.65 लाख वोटों से जीत का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया। खास बात यह रही कि सुनेत्रा ने बेहद सीमित प्रचार किया, जबकि उनके छोटे बेटे जय पवार ने अभियान की कमान संभाली।

इस बीच NCP ने बताया कि जय पवार गुरुवार को बारामती में जनता दरबार लगाएंगे। वह सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के समाधान की कोशिश करेंगे।

यह भी पढ़ें – Bihar Cabinet Expansion: बिहार में कैबिनेट विस्तार आज, यह रही संभावित मंत्रियों की लिस्ट, निशांत पर सस्पेंस खत्म

पटना के गांधी मैदान मेंआज बिहार कैबिनेट का विस्तार होगा। इस शपथग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत तमाम नेता इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। पूरी खबर पढ़ें…