Sunetra Pawar First Reaction: महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद सुनेत्रा पवार ने पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने अपने दिवंगत पति अजित पवार को याद किया और उनके आदर्शों को कायम रखने का संकल्प लिया।

सुनेत्रा पवार ने एक पोस्ट में कहा, “आदरणीय अजीत दादा ने अपना पूरा जीवन किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और समाज के हाशिए पर पड़े वर्गों की सेवा में समर्पित कर दिया, उन्हें जीवन का एक मार्गदर्शक मंत्र दिया। आज, जब मैं उनके विचारों की विरासत को आगे बढ़ा रही हूं और शिव-शाहू-फुले-अंबेडकर के आदर्शों के प्रति निष्ठावान रहते हुए कर्तव्य की भावना से उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी स्वीकार कर रही हूं, तो मेरा हृदय अत्यंत भावविभोर है।”

अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा ने आगे कहा, “हालांकि उनके असामयिक निधन से मेरे हृदय पर गहरा दुःख का पहाड़ टूटा है, लेकिन उनके द्वारा सिखाए गए मूल्य, कर्तव्यनिष्ठा, संघर्ष करने की शक्ति और जनता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता ही मेरी सच्ची शक्ति हैं। मैं उनके सपनों का न्यायपूर्ण, समतावादी और विकसित महाराष्ट्र बनाने के लिए ईमानदारी से काम करती रहूंगी।”

उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा, “इस मुश्किल समय में महाराष्ट्र के लोगों का प्यार भरा साथ ही मेरी ताकत है। आपके विश्वास के बल पर, मैं दादा के विचारों को आगे बढ़ाती रहूँगी और नई उम्मीद के साथ आगे बढ़ती रहूँगी।”

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और दिवंगत अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार को राज्य एक्साइज ड्यूटी, खेल और युवा कल्याण, अल्पसंख्यक विकास और औकाफ विभाग मिले हैं। प्लानिंग और फाइनेंस विभाग, जो पहले दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के पास थे, अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस के पास हैं।

यह भी पढ़ें- अजित पवार के पास था यह बड़ा मंत्रालय, सुनेत्रा के साथ बीजेपी ने कर दिया ‘खेल’

महाराष्ट्र सरकार के मंत्री आशीष शेलार ने NCP नेता और दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजीत पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार के महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री बनने पर कहा कि जिस वातावरण में ये शपथ विधि हुआ है, हम सबने बड़े नेता, राज्य के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार को गवाया है, वे हमारे बीच नहीं रहे। उन्हें आज श्रद्धांजलि देते हैं। उसी के साथ उनके परिवार व उनके दल ने ये निर्णय किया। उनके दल व परिवार के इस निर्णय के बाद सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री की शपथ ली है… काम करने की शक्ति भगवान उन्हें दें यही कामना करता हूं।

महाराष्ट्र विधान परिषद की डिप्टी चेयरपर्सन डॉ. नीलम गोर्हे ने NCP नेता और दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार के महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री बनने पर कहा, “…जो संकट, जो आपत्ति महाराष्ट्र पर आई, अजित पवार का निधन हो गया, उसके कारण ये जिम्मेदारी उन्हें लेनी पड़ी… जब भी इतिहास में आप देखेंगे तो पाएंगे कि जब भी राज्य पर कोई संकट आया है तो कई महिलाओं ने आगे आकर जिम्मेदारी ली है। सुनेत्रा ताई पर लोगों ने विश्वास जताया है। वे अच्छा काम करेंगी, ऐसा मेरा विश्वास है।

यह भी पढ़ें- ‘मैं सुनेत्रा पवार…’ अजित पवार की पत्नी ने ली डिप्टी सीएम पद की शपथ