शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने गुरुवार को पटियाला स्थित पंजाबी यूनिवर्सिटी के बाहर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समर्थन दिया। छात्र शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग को लेकर ‘भविख बचाओ मोर्चा’ के बैनर तले विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारी छात्रों को संबोधित करते हुए सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह को अपने पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा, ”पेपर लीक और 10+ परीक्षा घोटालों की पूरी जिम्मेदारी इन दोनों मंत्रियों को लेनी चाहिए। इन घटनाओं ने पंजाब के 10 लाख से अधिक युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है।”
बादल ने की जन आंदोलन खड़ा करने की अपील
छात्रों से युवा विरोधी और पंजाब विरोधी आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिए जन आंदोलन खड़ा करने की अपील करते हुए सुखबीर सिंह बादल ने कहा, ”हम यहां आम आदमी पार्टी के पाखंड को उजागर करने आए हैं। वे दिल्ली में छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन करने गए। लेकिन जब वहां मीडिया ने पंजाब में पेपर लीक के मामलों पर सवाल पूछा तो उन्होंने इससे इनकार कर दिया। यह पूरी तरह अस्वीकार्य है क्योंकि खुद पंजाब के मुख्यमंत्री मार्च 2023 में आधिकारिक तौर पर स्वीकार कर चुके हैं कि पंजाब स्टेट टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (PSTET) का पेपर लीक हुआ था।”
पंजाब में AAP सरकार के दौरान हुए कथित परीक्षा घोटालों का जिक्र करते हुए बादल ने कहा, ”राज्य में 10 से अधिक पेपर लीक की घटनाएं हुई हैं जिनमें पिछले महीने फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा का पेपर लीक भी शामिल है। अपनी गलती स्वीकार करने और दोषी मंत्रियों को बर्खास्त कर व्यवस्था में सुधार करने के बजाय AAP सरकार इनकार की राजनीति कर रही है। जमीन पर पूरी तरह विफल रहने के बावजूद सरकार ‘सिखिया क्रांति’ के नाम पर झूठा प्रचार कर रही है।”
AAP सरकार की कार्यशैली पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ”कल ही विधानसभा में AAP नेताओं ने स्वीकार किया कि राज्य के 1,945 वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में से 1,200 में प्रिंसिपल ही नहीं हैं। वहीं सरकारी कॉलेजों में स्वीकृत 5600 पदों में से 3200 पद खाली पड़े हैं। हर मुद्दे पर AAP की एक ही रणनीति है- झूठ बोलना।”
बादल ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा मामले को केवल नकल (Cheating) का मामला बताकर पंजाब के युवाओं की बुद्धिमत्ता का अपमान किया जबकि जांच में यह साबित हो चुका है कि परीक्षा केंद्रों से पेपर लीक करने के लिए अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज का इस्तेमाल किया गया था।
भर्ती प्रक्रिया पर बात करते हुए सुखबीर सिंह बादल ने घोषणा की कि यदि 2027 में शिरोमणि अकाली दल (SAD) की सरकार बनती है तो राज्य की 100% सरकारी नौकरियां पंजाब के युवाओं के लिए आरक्षित की जाएंगी।
पीएम मोदी-सुखबीर बादल की मुलाकात पर केजरीवाल ने कसा तंज
शिरोमणि अकाली दल (बादल) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है। यह मुलाकात संसद भवन में हुई। इसके बाद पंजाब के स्थानीय मीडिया में बीजेपी-अकाली दल के गठबंधन को लेकर जोर-शोर से चर्चाएं चलने लगी हैं।
पंजाब में सरकार चला रही आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस मामले में सोशल मीडिया पर तंज कसा है।
