पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने एक कैंपेन की शुरुआत की है, जिसके अंतर्गत पार्टी के कार्यकर्ता और खुद सुखबीर सिंह बादल पंजाब के घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात करेंगे और उनकी शिकायतों को सुनेंगे। सुखबीर सिंह बादल ने इसकी शुरुआत अपने होम डिस्ट्रिक्ट मुक्तसर के डोडा गांव से की है।

‘पंजाब बचाओ’ के नाम से इस कैंपेन के तहत सुखबीर सिंह ने डोडा गांव में अलग-अलग घरों में जाकर लोगों से मुलाकात की और उनकी शिकायतों को सुना। पार्टी ने इस कैंपेन को इसलिए लॉन्च किया है ताकि लोगों की शिकायतों के आधार पर अपना इलेक्शन मेनिफेस्टो तैयार किया जा सके।

घोषणापत्र के लिए लोगों से मांगे सुझाव

सुखबीर सिंह बादल हाथ में पैन-पेपर लिए डोडा गांव में अलग-अलग घरों में गए और घोषणापत्र के लिए लोगों से सुझाव मांगे। इस अभियान के जरिए शिरोमणी अकाली दल आम लोगों की समस्याओं और उनकी प्राथमिकताओं को अपने चुनावी एजेंडे में शामिल करने की कोशिश में है।

लोगों ने नशे और बेरोजगारी को बताया मुद्दा

बादल ने अपने इस कैंपेन के दौरान लोगों को यह भरोसा दिलाया कि उनकी आवाज को अकाली दल अपने घोषणापत्र में शामिल करेगी। सुखबीर ने कहा कि इस कैंपेन के दौरान अधिकतर लोगों ने उनसे पंजाब में नशे को कम करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि लोग नशे से काफी परेशान है,यह उनके परिवारों को खत्म कर रहा है। पार्टी लीडरशिप ने दावा किया कि गिद्दड़बाहा असेंबली एरिया के तहत आने वाली गांव की आबादी ने ड्रग्स का गलत इस्तेमाल और बेरोजगारी जैसे मुख्य मुद्दों को उठाया है।

जनता के मुद्दे पर पार्टी के मैनिफेस्टो में हो- अकाली दल

इस कैंपेन के दौरान लोगों से सीधे मुलाकात करने के आइडिया को लेकर सुखबीर सिंह बादल का कहना है कि हमारी पार्टी चुनाव में जाने से पहले अपने घोषणापत्र पर बहुत अधिक ध्यान देने वाली है और इसीलिए हम चाहते हैं कि एक ‘जनता मैनिफेस्टो’ का ड्राफ्ट बनाया जाए, जिसे एक लीगल डॉक्यूमेंट का दर्जा दिया जाना चाहिए ताकि सभी पार्टियां अपने मैनिफेस्टो का पालन करें या उन्हें डिसक्वालिफिकेशन का सामना करना पड़े।

बादल को क्या-क्या दिखे मुद्दे?

इस जनसंपर्क अभियान के दौरान सुखबीर सिंह बादल ने जितने भी लोगों से बात की उन्होंने बताया कि लोगों के सामने रोजगार, बेरोजगारी और नशे की समस्या प्रमुख चिंता है। अमनदीप कौर के घर पहुंचकर सुखबीर बादल ने लोगों से पूछा कि वे घोषणापत्र में किन तीन प्रमुख मुद्दों को शामिल करवाना चाहते हैं। जवाब में ग्रामीणों ने बच्चों के लिए रोजगार और बेहतर शिक्षा की मांग रखी गई।

बादल ने ग्रामीणों के सुझाव अपनी नोटबुक में दर्ज किए और रोजगार के अवसर बढ़ाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पंजाब में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने और निवेश बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

अकाली दल की सरकार बनी तो क्या-क्या होगा?

इस दौरान ग्रामीणों ने नशे की समस्या को लेकर भी चिंता जताई। जिंदर कौर ने कहा कि पंजाब को तब तक पूरी तरह खुशहाल नहीं बनाया जा सकता, जब तक ‘चिट्टा’ यानी सिंथेटिक ड्रग्स की समस्या खत्म नहीं होती।

नशा फैलाने वाले दोषियों पर होगी कार्रवाई

सुखबीर बादल ने कहा कि सत्ता में आने पर अकाली दल नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई को प्राथमिकता देगा। उन्होंने नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और दोषियों को 10 साल तक सरकारी सुविधाओं से वंचित करने का वादा भी किया।

महंगाई को लेकर अकाली दल क्या करेगी?

अंग्रेज कौर ने आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में महंगाई बढ़ने का मुद्दा उठाया। उन्होंने खाना पकाने वाली गैस और चीनी की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताई। वहीं, कुछ ग्रामीण महिलाओं ने मनरेगा से जुड़े मुद्दे भी उठाए। उन्होंने कहा कि पिछली अकाली दल सरकार के दौरान शुरू की गई कई कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अब पहले की तुलना में कम मिल रहा है।

जमीन का मालिकाना हक दिलाने का वादा

सुखबीर बादल ने ग्रामीणों को जमीन का मालिकाना हक दिलाने और गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि अकाली दल की सरकार बनने पर गांवों के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

बुजुर्गों की पेंशन बढ़ाने का वादा

सुखबीर बादल ने बुजुर्गों की पेंशन से जुड़ा बड़ा वादा भी किया। उन्होंने कहा कि अकाली दल सत्ता में आया तो वृद्धावस्था पेंशन को बढ़ाकर 3,100 रुपये प्रति माह किया जाएगा और पात्रता की उम्र को पांच साल घटाकर 60 वर्ष किया जाएगा।

उन्होंने महिलाओं के लिए शगुन योजना की राशि बढ़ाकर 51 हजार रुपये करने की बात कही। साथ ही युवाओं को स्वरोजगार के लिए 5 लाख से 10 लाख रुपये तक का लोन उपलब्ध कराने का वादा किया।