Remarks on Sofiya Qureshi : भारतीय सेना की अधिकारी सोफिया कुरैशी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी को लेकर कानूनी जांच का सामना कर रहे बीजेपी के मंत्री विजय शाह ने अपने बयान के लिए माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि मेरा भारतीय सेना या समाज के किसी भी वर्ग का अपमान करने का कोई भी इरादा नहीं था।
वरिष्ठ भारतीय जनता पार्टी नेता और मध्य प्रदेश के जनजातीय मामलों के मंत्री विजय शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “मैंने पहले भी कई बार कहा है और आज भी एक बार दोहरा रहा हूं कि मेरा किसी भी महिला अधिकारी, भारतीय सेना या समाज के किसी भी वर्ग का अपमान हो। मेरे शब्द मेरी भावनाओं के अनुरूप नहीं थे। देशभक्ति के उत्साह और आवेश में निकल गए। गलती के पीछे की भावनाओं को अवश्य देखा जाना चाहिए।”
मेरी छोटी से गलती से इतना विवाद खड़ा हो गया- बीजेपी नेता
विजय शाह ने कहा, “आप सब जानते हैं कि मेरी कोई भी दुर्भावना नहीं थी। मैंने कई बार क्षमा याचना की है और आज फिर एक बार कर रहा हूं। मेरे लिए अत्यंत पीड़ादायक है कि मेरी एक छोटी सी गलती से इतना विवाद खड़ा हो गया। मुझे विश्वास है कि मेरी भावनाओं को सही संदर्भ में देखा जाएगा। भारतीय सेना के प्रति मेरे मन में सदैव सम्मान रहा है और हमेशा रहेगा।”
मैं सभी लोगों से माफी मांगता हूं- विजय शाह
बीजेपी के वरिष्ठ नेता ने आगे कहा, “सार्वजनिक जीवन में शब्दों की शालीनता और संवेदनशीलता अत्यंत महत्वपूर्ण है। मैंने इस घटना पर विचार किया है, इससे सबक लिया है और इसकी जिम्मेदारी लेता हूं। भविष्य में मैं अपने शब्दों के प्रति अधिक सावधान रहूंगा और ऐसी गलती दोबारा नहीं दोहराऊंगा। एक बार फिर, मैं सभी नागरिकों, भारतीय सेना और इस मामले से जुड़े सभी लोगों से ईमानदारी से माफी मांगता हूं।”
विजय शाह ने क्या कहा था?
दरअसल विजय शाह ने सोफिया कुरैशी को आतंकवादियों की बहन बताया था। उनका एक वीडियो तेजी से इंटरनेट पर वायरल हुआ। इसमें उन्होंने कहा, “जिन्होंने हमारी बेटियों के सिंदूर उजाड़े थे, उन्हीं…की बहन भेजकर उनकी ऐसी-तैसी करवाई। उन्होंने हमारे हिन्दुओं को मारा और पीएम मोदी ने उनकी बहन को उनकी ऐसी-तैसी करने के लिए हमारे जहाज से उनके घर भेजा।” बता दें कि इस मामले की सुनवाई अब सुप्रीम कोर्ट में चल रही है। पढ़ें पूरी खबर…
