ई श्रीधरन को टिकट देने पर सुब्रमण्यन स्वामी बोले, 2024 में आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी को भी लड़ना चाहिए चुनाव
मेट्रो मैन ई श्रीधरन को भाजपा ने 89 साल की उम्र में केरल विधानसभा चुनाव का टिकट दिया है। इसपर सुब्रमण्यन स्वामी ने कहा कि आडवाणी और जोशी को भी 2024 में लोकसभा चुनाव लड़ना चाहिए।

पिछले दिनों भाजपा में शामिल हुए 89 साल के ‘मेट्रो मैन’ ई श्रीधरन को केरल से टिकट दिया गया है और चर्चा है कि उन्हें मुख्यमंत्री पद का चेहरा भी घोषित किया जा सकता है। एक तरफ श्रीधरन ने 89 साल में राजनीति में डेब्यू किया है तो दूसरी तरफ 75 से ज्यादा उम्र के भाजपा के दिग्गज नेताओं को उम्रा का हवाला देकर किनारे कर दिया गया। इसपर भाजपा सांसद सुब्रमण्यन स्वामी ने कहा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को भी चुनाव लड़ जाना चाहिए।
एक ट्वीट में स्वामी ने कहा, ‘भाजपा ने श्रीधरन को 89 साल की उम्र में केरव का मुख्यमंत्री उम्मीदवार बना दिया। दूसरे शब्दों में कहें तो 75 साल से ज्यादा वालों को वनवास की तरह मार्गदर्शन मंडल में डालने के फैसले पर यूटर्न ले लिया। मैं यही सलाह देता हूं कि आडवाणी, मुरलीमनोहर जोशी और शांता कुमार को 2024 में लोकसभा चुनाव लड़ना चाहिए।’
बता दें कि सुब्रमण्यन स्वामी अकसर मोदी सरकार पर तंज कसते रहते हैं। मेट्रो मैन को टिकट देने को लेकर पूर्व मंत्री यशवंत सिन्हा ने भी भाजपा पर वार किया और कहा कि इन्हीं लोगों ने 75 के ऊपर के नेताओं को ब्रेन डेड करार दे दिया था। उन्होंने कहा कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व दोहरा रवैया अपना रहा है।
भाजपा के उन नेताओं के फेहरिस्त लंबी है जो कि आयु की वजह से अब चुनावी मैदान में नहीं उतरते हैं। इसमें लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के साथ झारखंड के करिया मुंडा, हुकुम देव नारायण, सुमित्रा महाजन, कलराज मिश्रा और शांता कुमार जैसे लोग शामिल हैं।
ई श्रीधरन 25 फरवरी को ही भाजपा में शामिल हुए हैं। मेट्रो परियोजनाओं की सफलता का श्रेय उन्हें दिया जाता है। बता दें कि केरल में चुनाव भाजपा के लिए बहुत टेढ़ी खीर है। पिछले चुनाव में यहां केवल एक सीट पर ही जीत हासिल हो सकी थी। भाजपा यहां पर सीट बढ़ने को भी अपने फायदे में गिनती है।