Tamil Nadu News: तमिलनाडु की समाज कल्याण और महिला अधिकार मंत्री जगदीश्वरी ने स्कूली छात्रों के बीच अनुचित हेयरस्टाइल और ड्रेस कोड के बढ़ते चलन की निंदा की है। उन्होंने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग को निर्देश दिया है कि वे एक ऐसा नियम लागू करें, जिसके तहत छात्रों को अपने बाल सही और व्यवस्थित ढंग से रखने होंगे।
विरुधुनगर में एक कार्यक्रम के दौरान, समाज कल्याण और महिला अधिकार मंत्री जगदीश्वरी ने कहा, “आजकल छात्र जिस तरह के हेयरस्टाइल रखते हैं, उसे देखकर बहुत दुख होता है। स्कूल जाने वाले छात्र ऐसे हेयरकट के साथ घूमते हैं जिससे वे किसी गुंडे या बदमाश जैसे लगते हैं।”
छात्र का सिर मुंडवा देना बिल्कुल सही- मंत्री
मंत्री ने कहा, “इसलिए, स्कूल के शिक्षकों और जिला कलेक्टर से सलाह करके, छात्रों के हेयरस्टाइल को लेकर कुछ कदम उठाने चाहिए। छात्रों को सही हेयरस्टाइल रखने की ही अनुमति दी जानी चाहिए। अगर कोई छात्र अजीब या अनुचित हेयरकट के साथ आता है, तो उसका सिर मुंडवा देना बिल्कुल सही है। मैं यह बात सच्ची चिंता के साथ कह रही हूं, जैसे वे मेरे अपने बच्चे हों क्योंकि अक्सर यहीं से गलत रास्ते की शुरुआत होती है। इसके अलावा, कुछ छात्रों ने अपनी पैंट को घुटनों से काफी ऊपर पहनने का चलन अपना लिया है, जिसे वे स्टाइल कहते हैं।”
तमिलनाडु की मंत्री ने आगे कहा, “माता-पिता ऐसा करने की अनुमति क्यों देते हैं? गलती तो हमारी ही है। भले ही बच्चे खुद कोई गलत काम न करें, लेकिन गलत संगत उन्हें ऐसी स्थितियों में डाल सकती है जहां उन्हें पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन जाना पड़ सकता है। पुलिस किसी व्यक्ति के हुलिए को देखकर ही उसके बारे में नकारात्मक राय बना सकती है, क्योंकि अक्सर इंसान का पहनावा उसके चरित्र को दर्शाता है। हालांकि, किसी व्यक्ति का असली स्वभाव जांच के बाद ही पता चलता है, लेकिन शुरुआत में लोग उसके पहनावे और हेयरस्टाइल से ही उसका अंदाजा लगाते हैं।”
छात्रों की इन आदतों को बदलना जरूरी- मंत्री
मंत्री जगदीश्वरी ने कहा, “छात्रों की इन आदतों को बदलना जरूरी है। मैं जिला कलेक्टर और शिक्षा विभाग से आग्रह करती हूं कि वे विरुधुनगर जिले में एक ऐसी नीति लागू करें, जिसके तहत छात्रों को साफ-सुथरे और उचित हेयरस्टाइल रखने हों। मैं यह बात सिर्फ एक मंत्री के तौर पर नहीं, बल्कि एक मां के तौर पर कह रही हूं। कई बार बच्चे मानसिक परेशानी से गुजरते हैं, भले ही उन्होंने कोई गलत काम न किया हो और इसका मुख्य कारण माता-पिता की लापरवाही है। आप डांट-डपट कर कोई बदलाव नहीं ला सकते हो। ऐसी चीजों से बच्चे और भी ज्यादा जिद्दी हो जाते हैं।”
उन्होंने कहा, “माता-पिता के सही दृष्टिकोण से ही बच्चों को सही रास्ते पर ले जाया जा सकता है। एक बार जब इस पर ध्यान दिया जाता है, तो छात्र अपनी पढ़ाई में बेहतरीन प्रदर्शन कर सकते हैं और शीर्ष स्थान हासिल कर सकते हैं।”
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु के लिए अलग ध्वज की मांग, TVK मंत्री बोले- सीएम विजय फहराएं झंडा, BJP ने बताया अलगाववादी सोच
तमिलनाडु सरकार में मंत्री आधव अर्जुन के बयान से विवाद खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु का अपना एक अलग झंडा होना चाहिए। हमें एक ऐसा झंडा बनाना चाहिए जो तमिल भाषा को प्राथमिकता दे। उनके इस बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने निशाना साधा है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
