केरल के एक मेडिकल स्टूडेंट पर शुक्रवार को उज्बेकिस्तान में अपनी सहपाठी की हत्या करने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता के परिवार का आरोप है कि छात्र ने जबरन उसका धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश की थी। केरल में लड़की के पिता की शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया है। लड़की के पिता कुवैत में कार्यरत हैं।
पीड़िता की पहचान सावरिया बसंत (21 वर्ष) के रूप में हुई है जो अलाप्पुझा जिले की निवासी थी। वह उज्बेकिस्तान के बुखारा स्टेट मेडिकल इंस्टीट्यूट में प्रथम वर्ष की मेडिकल छात्रा थी। आरोपी सदरुल अनम (22 वर्ष) मलप्पुरम जिले का रहने वाला है। घटना के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सावरिया के शव को केरल भेजा गया जहां परिवार की शिकायत के बाद गुरुवार को उसका दूसरा पोस्टमार्टम किया गया। शव का अंतिम संस्कार गुरुवार को किया गया।
केरल में हरिप्पाड एसएचओ वी विष्णु ने बताया, “हमने बीएनएस की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया है। हमें अभी उज्बेकिस्तान की कानून प्रवर्तन एजेंसियों से अपराध का विवरण प्राप्त होना बाकी है। अलाप्पुझा मेडिकल कॉलेज में किए गए पोस्टमार्टम से प्रथम दृष्टया शारीरिक हमले के संकेत मिले हैं। हम उज्बेकिस्तान में दर्ज अपराध के लिए केरल में दर्ज मामले की कानूनी वैधता की जांच करेंगे।”
सहपाठियों का कहना- उनके साथ शारीरिक दुर्व्यवहार किया गया
वहीं, लड़की के पिता बसंत के रिश्तेदार जानेश ने मीडिया को बताया कि सदरुल सांवरिया पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाल रहा था। जानेश ने कहा, “उसके सहपाठियों ने हमें बताया था कि उसके साथ कई बार शारीरिक दुर्व्यवहार हुआ था। वह उसे जबरन धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश कर रहा था लेकिन उसने इसका विरोध किया। उसके दोस्त इन घटनाओं से वाकिफ हैं।” पुलिस ने बताया कि परिवार ने अपनी शिकायत में जबरन धर्म परिवर्तन के प्रयास का आरोप भी लगाया था।
सावरिया की अस्पताल में मृत्यु के बाद सदरुल को गिरफ्तार कर लिया गया
मलप्पुरम में सदरुल के परिवार ने पुष्टि की कि सावरिया की अस्पताल में मृत्यु के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। एक रिश्तेदार ने बताया, वरिया सदरुल के साथ रिश्ते में थी और उससे शादी करना चाहती थी लेकिन सदरुल ने उसके प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया। अलाप्पुझा में रहने वाला उसका परिवार भी इस बारे में जानता है। दोनों को 9 जुलाई को केरल वापस लौटना था। दोनों के लिए मलप्पुरम से टिकट बुक किए गए थे।”
रिश्तेदार ने आगे बताया, “शुक्रवार को हॉस्टल के कमरे में दोनों का झगड़ा हुआ। सदरुल कुछ देर के लिए कमरे से बाहर गया और जब लौटा तो उसने देखा कि वह बेहोश पड़ी है। सदरुल ने तुरंत चिकित्सा सहायता बुलाई और उसे एम्बुलेंस से अस्पताल ले गया। रिश्तेदार ने बताया, “सिर की सर्जरी के बाद शुक्रवार शाम को उसकी मौत हो गई।”
लड़के के रिश्तेदार ने कहा कि सावरिया का परिवार सदरुल के साथ उसके रिश्ते को मंज़ूरी नहीं देता था। उनके परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि सावरिया के एक रिश्तेदार ने सदरुल के पिता को धमकी दी थी कि अगर उनका बेटा केरल लौटा तो उसका काम तमाम हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: ‘जेल में जन्म का कलंक किसी बच्चे को न मिले’, कोर्ट ने गर्भवती निदा खान को दी जमानत
नासिक की एक विशेष अदालत ने कथित धार्मिक उत्पीड़न मामले में आरोपी टीसीएस कर्मचारी निदा खान को जमानत दे दी। भगवान कृष्ण के कारागार में जन्म का उदाहरण देते हुए अदालत ने कहा कि किसी भी बच्चे को जेल में जन्म लेने के सामाजिक कलंक को सहन नहीं करना चाहिए। खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
