IRS Officer Daughter Rape-Murder News: राहुल मीणा की मां ने 21 अप्रैल को रात नौ बजे बेटे को शादी में जाने से पहले कुछ खाने के लिए कहा था। परिवार का दावा है कि मीणा को आखिरी बार इसी वक्त देखा था। अब मीणा पर दो महिलाओं के साथ रेप का आरोप है। इनमें से एक की हत्या का भी आरोप है।
उसी रात करीब 11 बजे राजस्थान के अलवर के एक गांव में रहने वाला परिवार अपने घर के दरवाजे पर जोर-जोर से दस्तक सुनकर जाग उठा। एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि राहुल मीणा ने उसकी पत्नी का रेप किया है। उसकी मां ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, “वह बहुत जोर-जोर से चिल्ला रहा था। हम चौंक गए। हमने उसे बताया कि राहुल घर पर नहीं है। एक घंटे बाद, दो पुलिसकर्मी आए।”
22 अप्रैल की रात को मीणा को दिल्ली में एक आईआरएस अधिकारी की बेटी की उनके पारिवारिक घर में हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वह इस साल की शुरुआत में नौकरी से निकाले जाने से पहले उनके घर पर काम करता था।
दोनों ही अपराध कुछ घंटों के अंतराल पर हुए थे
पुलिस के अनुसार, दोनों अपराध कुछ दी घंटों के अंतराल पर हुए थे। पहला तो मंगलवार रात करीब 10 बजे अलवर में और दूसरा अगली सुबह राजधानी दिल्ली में। अलवर मामले में पुलिस ने बलात्कार, जानबूझकर चोट पहुंचाने और आपराधिक धमकी देने की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है और महिला का बयान दर्ज कर रही है।
जांचकर्ताओं ने बताया कि शादीशुदा और बच्चों वाली वह महिला उस समय घर पर अकेली थी। उन्होंने यह भी बताया कि मीणा उसे जानता था। दरअसल, वह महिला के पति के साथ शादी में गया था और अपराध करने के लिए बीच में ही छोड़कर चला गया था।
गांव में इन दो अपराधों से सनसनी फैल गई है। कई लोगों ने मीणा को एक शांत स्वभाव का व्यक्ति बताया। गुरुवार को अलवर स्थित उसके घर के बाहर भीड़ जमा हो गई थी, ताकि अंदर झांक सके।
पुलिस ने राहुल के पिता और भाई को भी हिरासत में लिया था
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने उसके पिता, छोटे भाई और गांव के चार अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया था। अलवर के एसपी सुधीर चौधरी ने बताया, “उन्हें अब छोड़ दिया गया है। हम उसके ठिकाने के बारे में जानकारी चाहते थे। फिलहाल वह दिल्ली पुलिस की हिरासत में है। न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद हम वांरट लेंगे और आगे की जांच के लिए उसे राजस्थान लाएंगे।”
मीणा के पिता एक मजदूर हैं। राहुल ने साल 2023 में बीए की डिग्री ली। हालांकि, जल्द ही उसे जुए की लत लग गई। उसकी एक चाची ने दावा किया, “उस पर 5 लाख रुपये का कर्ज था।” उन्होंने आगे बताया, “उसके मामा ने उसे दिल्ली में घरेलू काम की नौकरी के लिए सिफारिश की थी।”
वह हर महीने 20000 रुपये कमाता था- राहुल मीणा की मां
2024 में मीणा दिल्ली में एक आईआरएस अधिकारी के घर काम करने के लिए रवाना हो गया। उसकी मां ने बताया, “वह हर महीने 20000 रुपये कमाता था, जिसमें से वह आधी से ज्यादा रकम घर भेजता था।” उसने वहां 18 महीने काम किया। परिवार के अनुसार, चार महीने पहले मीणा ने अपने चाचा को अपनी जुए की लत के बारे में बताया और 50000 रुपये मांगे।
उसकी चाची ने कहा, “कुछ हफ्तों बाद, वह घर लौट आया। मीणा ने हमें बताया कि साहब (मालिक) अपने परिवार के साथ लंबी छुट्टी पर गए थे और उसे अस्थायी रूप से छुट्टी दे दी गई थी”
परिवार को यह नहीं पता था कि मीना को पैसों की हेरा-फेरी के कारण नौकरी से निकाल दिया गया था। घर लौटने के बाद उसने फिर से जुआ खेलना शुरू कर दिया और अक्सर उस अलवर वाली महिला के पति के साथ जुआ खेलता था, जिसके साथ कथित तौर पर उसने बलात्कार किया था। आखिरकार, पैसों के लेन-देन को लेकर उन दोनों के बीच झगड़ा हो गया।
कर्ज का बोझ उसे अंदर से खा रहा था- मीणा की मां
21 अप्रैल को, जब उस महिला के पति ने मीणा पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया, तो परिवार ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वे उससे बात नहीं कर पाए। अगले दिन रात 10 बजे अलवर पुलिस एक और खबर लेकर उनके घर आई कि दिल्ली में एक लड़की के साथ रेप करके उसकी हत्या कर दी गई है और मीणा ही इस मामले में मुख्य संदिग्ध है। हालांकि, उसकी मां इस बात पर जोर देती है कि वह उन दोनों महिलाओं के साथ रेप नहीं कर सकता, लेकिन उन्होंने यह बात मानी, “कर्ज का बोझ उसे अंदर से खा रहा था, इसीलिए वह पैसे चुराने के लिए (दिल्ली आईआरएस अधिकारी) घर वापस गया।”
जांचकर्ताओं ने पाया है कि मीणा ने कथित तौर पर रेप करने से पहले आईआरएस अधिकारी की बेटी पर टेबल लैंप और पानी की बोतल से हमला किया। हमले के कारण बेहोश होने पर, उसने कथित तौर पर उसके बाल पकड़कर उसे सीढ़ियों से घसीटते हुए तीसरी मंजिल तक ले गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इसके बाद उसने बेटी के फिंगरप्रिंट से डिजिटल लॉकर खोलने की कोशिश की। जब इससे भी सफलता नहीं मिली, तो मीणा ने स्क्रूड्राइवर का इस्तेमाल करके तिजोरी खोली और उसमें से 25 लाख रुपये नकद चुरा लिए।
जांच में सामने आई चौंकाने वाली बात
दक्षिणी दिल्ली की अमर कालोनी से सामने आए IRS की बेटी की हत्या के मामले में अब तक हुई जांच में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, जांच में पता चला है कि 23 साल के आरोपी राहुल मीणा ने पहले IRS की 22 वर्षीय बेटी पर टेबल लैंप और पानी की बोतल से प्रहार किया। इसके बाद जब लड़की अचेत हो गई, तब उसने उसका रेप किया। पढ़ें पूरी खबर…
