जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में एक स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) की हत्या का बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। 55 वर्षीय SPO बशीर अहमद 14 अक्टूबर की शाम अपनी ड्यूटी के लिए घर से निकले थे, लेकिन अगली सुबह वापस नहीं लौटे। परिवार ने उनकी तलाश शुरू की तो पुलिस को पहले उनके अपहरण की आशंका हुई।
हालांकि, जांच आगे बढ़ने पर जो सच्चाई सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया। बशीर अहमद की हत्या कर उनके शव को जमीन में दफना दिया गया था। पुलिस के मुताबिक, इस वारदात को उनके ही चचेरे भाई और उसके बेटे ने कथित तौर पर अंजाम दिया था।
ड्यूटी के लिए निकले थे बशीर अहमद, घर नहीं लौटे
यह घटना 14 अक्टूबर की शाम की है। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के आतंकवाद प्रभावित त्रिगाम गांव में रहने वाले 55 वर्षीय बशीर अहमद अपनी सर्विस राइफल लेकर घर से निकले थे। वह स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के तौर पर तैनात थे और गांव से करीब 800 मीटर दूर जंगल में उनकी ड्यूटी थी। उनकी रात की शिफ्ट 12 घंटे की होती थी। आमतौर पर वह अगली सुबह 6 से 6:30 बजे के बीच घर लौट आते थे।
लेकिन 15 अक्टूबर को जब बशीर घर नहीं पहुंचे तो उनकी पत्नी परवीना (50) और 15 साल की बेटी दिलशादा परेशान हो गईं। सुबह करीब 8:30 बजे तक जब उनका कोई पता नहीं चला तो परिवार ने आसपास तलाश शुरू की। इसके बाद वे उनके चचेरे भाई गुलाम रसूल के पास पहुंचे और सभी मिलकर बशीर की ड्यूटी वाली जगह पर गए।
वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने बताया कि बशीर रोज की तरह सुबह करीब 6:30 बजे घर के लिए निकल चुके थे। उनका घर ड्यूटी वाली जगह से महज 15 मिनट की पैदल दूरी पर था। ऐसे में परिवार की चिंता और बढ़ गई।
पहले आतंकियों द्वारा अगवा किए जाने की हुई आशंका
बशीर के लापता होने की सूचना मिलने के बाद परिवार किश्तवाड़ पुलिस स्टेशन पहुंचा। पुलिस और सुरक्षा बलों ने तुरंत आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। शुरुआत में पुलिस को आशंका थी कि आतंकियों ने बशीर को अगवा कर लिया होगा, क्योंकि वह अपनी सर्विस राइफल के साथ लापता हुए थे।
किश्तवाड़ पुलिस स्टेशन के एसएचओ फिरदौस अहमद के मुताबिक, 15 अक्टूबर की रात तक तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन बशीर का कोई सुराग नहीं मिला। इसी दौरान परिवार ने पुलिस को बताया कि बशीर का मोबाइल फोन भी उनके साथ ही गायब है। पुलिस ने मोबाइल नंबर को ट्रैक करना शुरू किया। जांच में पता चला कि फोन को बार-बार ऑन और ऑफ किया जा रहा था।
एसएचओ के मुताबिक, आतंकवादी आमतौर पर सुरक्षा एजेंसियों से बचने के लिए अपने साथ ऐसा मोबाइल फोन नहीं रखते, जिसे आसानी से ट्रैक किया जा सके। इस जानकारी के बाद पुलिस ने अपहरण की आशंका से अलग दिशा में जांच शुरू की और बशीर के घर से उनकी ड्यूटी वाली जगह के बीच के पूरे रास्ते की दोबारा तलाशी लेने का फैसला किया।
झाड़ियों में मिला मोबाइल, नाले के पास पड़ी थी राइफल
16 अक्टूबर की सुबह पुलिस को तलाशी के दौरान सबसे पहले बशीर का मोबाइल फोन झाड़ियों में पड़ा मिला। इसके बाद उनकी सर्विस राइफल एक नाले के पास बरामद हुई। पुलिस ने आसपास के इलाके की जांच की तो कुछ ही दूरी पर मिट्टी खुदी हुई दिखाई दी। शक होने पर जब उस जगह की खुदाई की गई तो नीचे बशीर अहमद का शव मिला।
जांच में सामने आया कि बशीर की हत्या बेहद बेरहमी से की गई थी। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, उनके सिर के पिछले हिस्से पर लोहे की रॉड से वार किया गया था। हालांकि, उनकी मौत सिर पर लगी चोट से नहीं हुई थी, बल्कि उन्हें जिंदा ही गड्ढे में दफना दिया गया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने बशीर के मुंह में पत्थर और मिट्टी ठूंस दी थी, ताकि वह चिल्लाकर किसी को मदद के लिए न बुला सकें। इसके बाद उन्हें गड्ढे में डालकर मिट्टी से ढक दिया गया। अधिकारी के मुताबिक, बशीर को आखिरी समय में असहनीय दर्द से गुजरना पड़ा होगा।

जमीन के पुराने विवाद में चचेरे भाई ने की हत्या?
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि बशीर अहमद का अपने चचेरे भाई बशीर अहमद डार के साथ जमीन को लेकर पुराना विवाद था। हालांकि, दोनों परिवारों के बीच बाद में समझौता हो गया था।
पुलिस ने पूछताछ के लिए बशीर अहमद डार और उसके बेटे नजीर अहमद डार को हिरासत में लिया। शुरुआत में दोनों ने दावा किया कि जिस दिन बशीर लापता हुए, उस दिन उन्होंने उन्हें नहीं देखा था।
लेकिन पुलिस ने जब आरोपियों के मोबाइल फोन की लोकेशन खंगाली तो उनकी मौजूदगी उसी इलाके में मिली, जहां से बशीर गायब हुए थे। इसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, बशीर अहमद के पिता गुलाम मुस्तफा ने करीब 40 मरला जमीन अपने भाई अब्दुल अजीज को बेची थी। हालांकि, पिता की मौत के बाद बशीर ने दावा किया कि उनके पिता ने यह जमीन बेची ही नहीं थी। इसे वापस पाने के लिए उन्होंने अदालत में मुकदमा भी दायर किया था।
बाद में रिश्तेदारों के हस्तक्षेप से दोनों परिवारों के बीच समझौता हो गया और जमीन बशीर अहमद को वापस मिल गई। बताया जाता है कि उन्होंने करीब चार-पांच साल पहले यह जमीन बेच भी दी थी।
जंगल में अकेले मिले तो कर दिया हमला
पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर की सुबह जब बशीर अहमद अपनी ड्यूटी से घर लौट रहे थे, तभी जंगल में उनकी मुलाकात चचेरे भाई बशीर अहमद डार और उसके बेटे नजीर से हुई।
बशीर को अकेला देखकर डार ने उनसे बहस शुरू कर दी। इसी दौरान नजीर ने उनके सिर के पिछले हिस्से पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। वार लगने से बशीर जमीन पर गिर पड़े और उनके सिर से खून बहने लगा।
आरोप है कि इसके बाद दोनों ने उनके मुंह में पत्थर और मिट्टी भर दी, ताकि वह आवाज न निकाल सकें। फिर उन्हें पहले से खोदे गए गड्ढे में डालकर जिंदा दफना दिया। पुलिस ने इस मामले में पिता-पुत्र दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
परिवार सदमे में, समझौते के बाद भी नहीं खत्म हुआ विवाद
बशीर अहमद की इस तरह हत्या किए जाने से उनका परिवार सदमे में है। उनके करीबी रिश्तेदार और पड़ोसी गुलाम रसूल ने कहा कि परिवार ने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि दो चचेरे भाइयों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद इस तरह के खौफनाक अंजाम तक पहुंच सकता है।
जिस जमीन को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद हुआ था, उसे लेकर पहले ही समझौता हो चुका था। इसके बावजूद कथित तौर पर बदले की भावना में SPO बशीर अहमद की हत्या कर दी गई।
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिस शख्स ने पुलिस में रहते हुए लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली, उसी की जान उसके अपने रिश्तेदारों ने कथित तौर पर इतनी बेरहमी से ले ली।
यह भी पढ़ें: ‘मैं साइको हो गया हूं…’, पत्नी की हत्या के बाद मंदिर में कटा सिर लेकर बैठा रहा शख्स, इलाके में मचा हड़कंप
पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी और उसका सिर लेकर पड़ोस के मंदिर में जाकर बैठ गया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
