कोलकाता में दुर्गा पूजा के आयोजन के दौरान शनिवार शाम को अचानक भगदड़ हो गई। इस भगदड़ में 17 लोगों की मौत हो गई है और कुछ लोग घायल हैं।
हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी, पूर्व सीएम ममता बनर्जी, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन सहित कई नेताओं ने दुख जताया है।
प्रधानमंत्री ने घोषणा की है कि इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये की राशि दी जाएगी और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
गृह मंत्री ने कहा है कि उन्होंने घटना को लेकर सीएम शुभेंदु अधिकारी से बात की है। शाह ने लिखा, इस हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं और परिवारजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। प्रशासन द्वारा घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है।”
शाह ने कहा है कि उन्होंने पश्चिम बंगाल के रविवार के अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं और वह अस्पताल जाकर घायलों से मिलेंगे।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी घायलों से मिलने सरकारी अस्पताल पहुंचे। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा है कि इस घटना से वह दुखी हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रशासन से अपील है कि सभी घायलों को तुरंत बेहतर इलाज मिले और इस हादसे की निष्पक्ष जांच हो ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी न हो।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जैसे ही बारिश शुरू हुई चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर इंतजार कर रहे लोग भागने लगे, जिससे कुछ लोग सड़क पर गिर गए और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायलों को कोलकाता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया है।
पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री सरदवत मुखर्जी और वरिष्ठ अधिकारी भी तुरंत अस्पताल पहुंचे। घटनास्थल पर आपदा प्रबंधन कर्मियों को तैनात किया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वह चोरबागान पूजा पंडाल में भगदड़ जैसी स्थिति की खबर से बेहद स्तब्ध हैं और उन्हें इससे गहरा दुख और सदमा पहुंचा है।
यह भी पढ़ें- ‘एजेंसी को प्राइवेट कर देना चाहिए’
पश्चिम बंगाल के आरजी कर रेप-मर्डर मामले की पीड़िता के माता-पिता ने पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने पर नाराजगी जाहिर की। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
