Elder Minister In Modi’s Council Of Ministers: केंद्र सरकार में कुल 76 मंत्री हैं, इनमें से 31 दिसंबर, 2022 को 11 मंत्रियों की आयु 70 साल या उससे अधिक हो चुकी है। अगर कुल मंत्रियों के सापेक्ष 70 साल या उससे अधिक आयु के मंत्रियों की संख्या को देखें तो यह करीब साढ़े 14 फीसद होती है। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री सोम प्रकाश (Som Prakash) (03 अप्रैल, 1949) सबसे उम्रदराज मंत्री है। साल 2023 में तीन और मंत्री 70 साल के समूह में शामिल हो जाएंगे। 2023 के अंत में 70 या उससे अधिक आयु के मंत्रियों की संख्या 14 हो जाएगी यानी कुल मंत्रियों का करीब साढ़े 18 फीसद।
राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह एक महीने बाद 73 वर्ष के हो जाएंगे
केंद्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन राज्य मंत्री और योजना मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार), कारपोरेट कार्य राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह (11 फरवरी, 1950) की 31 दिसंबर, 2022 को आयु 72 साल और 10 महीने थी। राव इंद्रजीत सिंह पांच बार संसद पहुंच चुके हैं। वे गुरुग्राम से जीतकर सत्रहवीं लोकसभा के सदस्य बने हैं।
दो बार सांसद रह चुके केंद्रीय मंत्री विजय कुमार सिंह 72 वर्ष के होने वाले हैं
केंद्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग और नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) विजय कुमार सिंह (15 मई, 1951) की 31 दिसंबर, 2022 को आयु 71 साल और सात महीने थी। सिंह अब तक दो बार सांसद बने हैं। वे गाजियाबाद से जीतकर सत्रहवीं लोकसभा के सदस्य बने हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (10 जुलाई, 1951) की 31 दिसंबर, 2022 को आयु 71 साल और पांच महीने थी। राजनाथ सिंह अब तक छह बार सांसद बन चुके हैं। वे लखनऊ से जीतकर सत्रहवीं लोकसभा में पहुंचे हैं।

केंद्रीय खेल और गृह राज्य मंत्री निसिथ प्रामाणिक हैं सबसे युवा मंत्री
केंद्रीय खेल और गृह राज्य मंत्री निसिथ प्रामाणिक मंत्रिपमंडल के सबसे युवा मंत्री हैं। प्रामाणिक की 31 दिसंबर, 2022 को आयु 36 साल और 11 महीने थी। 40 साल से कम के मंत्रियों की बात करें तो जनजातीय मामलों की राज्य मंत्री रेणुका सिंह की 31 दिसंबर, 2022 को आयु 39 साल और सात महीने थी। जहाजरानी राज्य मंत्री शांतनु कुमार की जन्मतिथि तीन अगस्त 1982 है और उनकी 31 दिसंबर, 2022 को आयु 40 साल और चार महीने थी।
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस और आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी (15 फरवरी, 1952) की 31 दिसंबर, 2022 को आयु 70 साल और 10 महीने थी। पूर्व नौकरशाह रहे हरदीप सिंह पुरी दो बार सांसद बन चुके हैं। वे वर्तमान में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के सदस्य हैं।
केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्री नारायण राणे (10 अप्रैल, 1952) की 31 दिसंबर, 2022 को आयु 70 साल और आठ महीने थी। नारायण राणे पहली बार सांसद बने हैं। वे 2018 में महाराष्ट्र से राज्यसभा के सदस्य बने। केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री पशुपति कुमार पारस (12 जुलाई, 1952) की 31 दिसंबर, 2022 को आयु 70 साल और पांच महीने थी। पशुपति कुमार पारस पहली बार सांसद बने हैं। वे हाजीपुर से जीतकर सत्रहवीं लोकसभा के सदस्य बने।
केंद्रीय विदेश और शिक्षा राज्य मंत्री राजकुमार रंजन सिंह (1 सितंबर, 1952) की 31 दिसंबर, 2022 को आयु 70 साल और तीन महीने थी। राजकुमार रंजन सिंह पहली बार सांसद बने हैं। वे इनर मणिपुर से जीतकर सत्रहवीं लोकसभा के सदस्य बने। केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज्य मंत्री गिरिराज सिंह (8 सितंबर, 1952) की 31 दिसंबर, 2022 को आयु 70 साल और तीन महीने थी। गिरिराज सिंह दो बार सांसद बन चुके है। वे बेगुसराय से जीतकर सत्रहवीं लोकसभा के सदस्य बने।
केंद्रीय पर्यटन और बंदरगाह, नौवहन एवं जलमार्ग राज्य मंत्री श्रीपद येस्सो नायक (4 अक्तूबर, 1952) की 31 दिसंबर, 2022 को आयु 70 साल और दो महीने थी। श्रीपद येस्सो नायक पांच बार सांसद बन चुके हैं। वे उत्तरी गोवा से जीतकर सत्रहवीं लोकसभा के सदस्य बने। केंद्रीय विद्युत और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राज कुमार सिंह (20 दिसंबर, 1952) की 31 दिसंबर, 2022 को आयु 70 साल थी। नौकरशाह रहे राज कुमार सिंह दो बार सांसद बन चुके हैं। वे आरा से जीतकर सत्रहवीं लोकसभा में पहुंचे हैं।