जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर से बड़ी खबर सामने आई है। पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामलों में गिरफ्तार दो अंडरट्रायल कैदी केंद्रीय जेल श्रीनगर से फरार हो गए हैं। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है और दोनों की तलाश में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक, फरार कैदियों की पहचान राजस्थान निवासी फरमान खान और अनंतनाग निवासी मुख्तार अहमद गुज्जर के रूप में हुई है। दोनों पर पॉक्सो एक्ट की धारा 3 और 4 के तहत नाबालिग से यौन उत्पीड़न के आरोप हैं।

फरमान खान के खिलाफ गांदरबल के लार थाने में मामला दर्ज है, जबकि मुख्तार अहमद गुज्जर के खिलाफ श्रीनगर के सौरा थाने में केस दर्ज है।

जेल से फरारी की जानकारी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। कश्मीर घाटी के सभी निकास बिंदुओं पर लुकआउट नोटिस जारी कर दिए गए हैं। दोनों आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। फिलहाल पुलिस फरारी के कारणों और इसमें किसी अंदरूनी मदद की संभावना की भी जांच कर रही है।

मध्य प्रदेश की श्योपुर जेल से 22 फीट ऊंची दीवार फांदकर कैदी फरार

वहीं, एक अन्य मामला मध्यप्रदेश के श्योपुर जिला जेल से सामने आया है। यहां दोपहर एक कैदी 22 फीट ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गया। कैदी ने चादरों को जोड़कर रस्सी बनाई और इसी के सहारे जेल की दीवार पार कर ली। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस और जेल प्रशासन की टीमें फरार कैदी की तलाश में जुटी हैं।

जानकारी के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 1-2 बजे के बीच की है। जेल में कुछ कैदियों के लिए गीता पाठ की ऑनलाइन ट्रेनिंग चल रही थी। ट्रेनिंग खत्म होने के बाद सभी कैदियों को अपनी बैरक में वापस लौटना था, लेकिन 24 वर्षीय धर्मेंद्र कुशवाहा, पिता सुरेंद्र कुशवाहा, बैरक में नहीं लौटा। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र ने इसी दौरान मौका देखकर चादरों को आपस में जोड़कर रस्सी तैयार की और जेल परिसर की करीब 22 फीट ऊंची दीवार तक पहुंचकर उसे पार कर लिया। जब कैदी के बैरक में नहीं लौटने का पता चला तो जेल प्रशासन ने उसकी तलाश शुरू की। जांच में उसके जेल से फरार होने की पुष्टि हुई। धर्मेंद्र कुशवाहा पलायचा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। उसे कराहल थाने में दर्ज 137/2 और 87 के मामले में 31 मई को जेल भेजा गया था।

घटना की सूचना जेल प्रशासन ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और श्योपुर पुलिस अधीक्षक को दी। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों और संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। श्योपुर एसपी मोती उर रहमान ने बताया कि आसपास के जिलों के थानों को भी सूचना दे दी गई है और फरार कैदी की तलाश की जा रही है।कैदी के 22 फीट ऊंची दीवार पार कर फरार होने से जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। अब जांच इस बात की भी की जा रही है कि ऑनलाइन ट्रेनिंग के दौरान कैदियों की निगरानी किस तरह की जा रही थी और धर्मेंद्र को चादरों से रस्सी तैयार करने तथा दीवार तक पहुंचने का मौका कैसे मिला। जेल प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

जम्मू कश्मीर: डिप्टी सीएम के भाई के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज, ED ने की कार्रवाई

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जम्मू कश्मीर में बड़ी कार्रवाई की है। ED ने इंस्पेक्टर विजय चौधरी पर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में केस किया है। विजय चौधरी जम्मू-कश्मीर के उप मुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी के भाई हैं। सुरिंदर चौधरी ने ED की इस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। विजय चौधरी के खिलाफ एंटी-करप्शन ब्यूरो ने पहले अपनी इनकम के ज्ञात सोर्स से ज़्यादा संपत्ति जमा करने के आरोप में FIR दर्ज की थी और वह अभी सस्पेंड हैं। पढ़ें पूरी खबर।