Rajasthan News: राजस्थान में ईंधन की कमी की अफवाह फैलाने के आरोप में भीलवाड़ा पुलिस ने कम से कम आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। भीलवाड़ा एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा, “गैस और एलपीजी की कमी को लेकर कई लोग अफवाहें फैला रहे हैं, जबकि ऐसी कोई बात नहीं है। प्रशासन और सरकार लगातार स्पष्ट कर रहे हैं कि कहीं भी कोई कमी नहीं है और लोगों को गुमराह नहीं किया जाना चाहिए।”

उन्होंने कहा, “हमने अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया है। हम सोशल मीडिया पर लगातार नजर रख रहे हैं, ऐसे कृत्यों में लिप्त सभी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और अगर वे नियमों का उल्लंघन करते हैं, तो उनके खिलाफ मामला भी दर्ज किया जाएगा।”

गिरफ्तार लोगों में ‘बेरोजगार बॉयज’ से जुड़े लोग भी शामिल थे, जिनके इंस्टाग्राम पर 14 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। पुलिस ने चार लोगों को बनेरा थाना, दो को बडलियास थाना और एक-एक को सुभाष नगर और गांधी नगर थानों से गिरफ्तार किया था। बाद में सभी आठों लोगों को रिहा कर दिया गया।

सोशल मीडिया पर व्यूज बढ़ाने के लिए फैला रहे थे अफवाह

भीलवाड़ा पुलिस ने एक बयान में कहा, “कुछ असामाजिक तत्व घरेलू एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कमी के संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक और अफवाहें फैला रहे थे, जिससे जनता में भ्रम और अनावश्यक भय पैदा हो रहा था। इन अफवाहों से नागरिकों में दहशत फैल रही थी और संसाधनों की मांग अनावश्यक रूप से बढ़ सकती थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी गई और सोशल मीडिया सेल ने भ्रामक पोस्ट और मैसेज फैलाने वाले व्यक्तियों की पहचान की।”

इसमें यह भी कहा गया, “सोशल मीडिया पर झूठी और भ्रामक जानकारी फैलाकर वे जनता को गुमराह करने और समाज में भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे थे। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी जानबूझकर सोशल मीडिया पर व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए इस तरह की भ्रामक सामग्री फैला रहे थे।”

बाद में माफीनामे वाले वीडियो बनाया

एक माफीनामे वाले वीडियो में गिरफ्तार किए गए लोगों में से एक ने कहा कि उसने इसे हंसने के इरादे से बनाया था। दूसरे आरोपी ने कहा कि उसने ऐसा वीडियो अपलोड करके गलती की है और साथ ही यह भी कहा कि भीलवाड़ा में कोई कमी नहीं है और गैस उपलब्ध है।

एलपीजी सिलेंडर का दाम आज कितना है?

पिछले कुछ दिनों से एलपीजी किल्लत की खबरों के बीच कमर्शियल सिलेंडर के दाम बुधवार (1 अप्रैल 2026) से बढ़ गए हैं। हालांकि, घरेलू एलपीजी सिलेंडर में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पश्चिम एशिया में तनाव के बीच रसोई गैस की कीमतें घरेलू परिवारों के लिए बड़ी चिंता बनी हुई हैं क्योंकि एलपीजी दरों में कुछ दिनों पहले ही इजाफा हुआ था। आज यानी नए वित्त वर्ष 1 अप्रैल 2026 तक घरेलू एलपीजी कीमतों में कोई नया बदलाव नहीं हुआ है। लेकिन मार्च में हुए संशोधन के बाद दरें अभी भी ऊंची बनी हुई हैं। पढ़ें पूरी खबर…