SpiceJet की फ्लाइट में कथित तौर पर इंजन में खराबी की सूचना के बाद इमरजेंसी लैंडिंग की गई। विमान में कुल 150 यात्री सवार थे। जानकारी के मुतााबिक, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट ने तुरंत दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया।

टेकऑफ के तुरंत बाद बड़ा संकट!

लेह जा रही SpiceJet की फ्लाइट SG121 को मंगलवार (24 फरवरी 2026) सुबह इंजन में तकनीकी खराबी आने के बाद वापस दिल्ली लौटना पड़ा। उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद पायलट ने ऐहतियातन विमान को वापस मोड़ने का फैसला लिया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। विमान में करीब 150 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। हालांकि, विमान सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतर गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

विमान में आई तकनीकी खराबी

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, संपर्क करने पर SpiceJet के प्रवक्ता ने बताया कि मंगलवार को दिल्ली से लेह जा रही एक फ्लाइट तकनीकी खराबी का सामना करने के बाद ऐहतियातन दिल्ली लौट आई।

प्रवक्ता ने बयान में कहा, ”विमान ने दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्रियों को सामान्य रूप से उतार दिया गया।” सूत्रों के अनुसार, विमान में इंजन से जुड़ी तकनीकी समस्या आई थी।

हालांकि, प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि कॉकपिट में आग लगने की कोई चेतावनी (फायर वार्निंग) नहीं मिली थी।