Sonia Gandhi Meets Lalu Yadav: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से उनके आवास पर मुलाकात की है। इस दौरान मीसा भारती और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। सोनिया गांधी ने लालू यादव के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके जल्द पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना की। लालू प्रसाद यादव ने इस मुलाकात की तस्वीरें शेयर की हैं।

आरजेडी सुप्रीमो ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “आदरणीय मैडम श्रीमती सोनिया गांधी जी ने आवास पहुंच स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान पुराने दिनों की यादें ताजा हुई।”

लालू यादव ने आगे पोस्ट में लिखा, “स्मरण किया कि कैसे यूपीए सरकार के दिनों में हम लोगों ने युवाओं, किसानों, जवानों और आम आदमी के लिए पारदर्शी व जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की तथा मनरेगा, RTE, RTI जैसी कानूनों से देशवासियों को सशक्त किया गया। सरदार मनमोहन सिंह जी के नेतृत्व में बिहार के विकास के लिए हम लोगों ने कैसे 1 लाख 45 हजार करोड़ से अधिक की धनराशि दी।”

तेजस्वी यादव ने मुलाकात पर दी प्रतिक्रिया

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने भी इस मुलाकात पर प्रतिक्रिया दी है। तेजस्वी ने मीडिया से बातचीत में कहा, “पिताजी अपने नियमित जांच के लिए दिल्ली आए हुए थे। हमने कल सोनिया गांधी जी को बताया था इसलिए वे आज मिलने आई हैं। लालू यादव और सोनिया गांधी ने एक दूसरे को विपरीत परिस्थितियों में सहयोग किया है। हम लोगों का पुराना रिश्ता रहा है।”

जब उनसे वोट चोरी के आरोप के खिलाफ विपक्ष के कैंपेन के बारे में पूछा गया, तो तेजस्वी ने कहा कि इंडिया गठबंधन एकजुट है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा देने तक अपना आंदोलन जारी रखेगा। उन्होंने कहा, “हम सब एकजुट हैं। जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं दे देते, हम लड़ते रहेंगे।”

स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लालू यादव

बता दें कि लालू प्रसाद यादव पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की सलाह पर वह फिलहाल दिल्ली में ही आराम कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: ‘हम अपनी रोजी-रोटी बचाने के लिए हाथ जोड़कर विनती कर रहे’, राहुल के बाद अब सोनिया गांधी से CTI ने लगाई गुहार, रैली टालने का आग्रह

दिल्ली के चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने शुक्रवार को कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से आग्रह किया कि वे एक नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली पार्टी की प्रस्तावित मेगा रैली को टाल दें। सीटीआई ने चेतावनी दी कि इस रैली के कारण राजधानी के 20 बाजारों में 10000 से 12000 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हो सकता है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…