CJP Protest News: राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर विवाद गहरा गया है। सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट की गई जिसमें कई लोग घायल हुए हैं।

सौरव दास ने सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि के साथ भी मारपीट होने का दावा किया। दिल्ली में सीजेपी (CJP) के प्रदर्शन के गीतांजलि आंगमो ने कहा कि लोगों को एक वास्तविक और गंभीर मुद्दे को उठाने के लिए सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ रहा है जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

सौरव दास ने एक्स पर किए गए अपने पोस्ट में आरोप लगाया, ”प्रदर्शन के दौरान गीतांजलि के बाल खींचे गए और उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि एक 12 वर्षीय बच्ची के सिर में गंभीर चोट लगी है जबकि 40 से 50 अन्य लोगों के सिर भी फूट गए हैं।”

सौरव दास ने अपनी X पोस्ट में दिल्ली पुलिस को टैग करते हुए सवाल उठाया, ”आखिर क्या हो रहा है?”

वहीं गीतांजलि आंगमो ने प्रदर्शन के दौरान कहा, ”यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि लोगों को एक वास्तविक मुद्दे को उठाने के लिए प्रदर्शन करना पड़ रहा है। इससे बचा जा सकता था।”

हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं इस मामले में दिल्ली पुलिस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मिले सीजेपी के प्रवक्ता

संसद मार्च के बीच कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात की है। प्रतिनिधिमंडल के सदस्य सौरव दास ने बताया कि करीब दो घंटे के इंतजार के बाद हुई इस मुलाकात में मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया। नड्डा ने आंतरिक स्तर पर बातचीत का आश्वासन दिया। इसके साथ ही सौरव ने बड़े पैमाने पर हिरासत में लिए जाने की खबरों का भी जिक्र किया।

पुलिस ने किया लाठीचार्ज

इस बीच, जब कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थकों ने मार्च शुरू किया तो पुलिस ने संसद मार्ग के पास प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया और कुछ को हिरासत में ले लिया। शुरुआत में डीएमआरसी की ओर से पांच मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया था। डीएमआरसी ने बताया कि सुरक्षा कारणों से राजीव चौक, जनपथ, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन को बंद किया गया है। इस वजह से सैकड़ों यात्री फंस गए और कई लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

दो दिन की भूख हड़ताल के बाद अभिजीत दीपके ने तोड़ा अनशन

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोमवार को अपना अनशन समाप्त कर दिया है। शनिवार को जब सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से हटाकर अस्पताल में भर्ती करा दिया था तो इसके बाद अभिजीत दीपके अनशन पर बैठ गए थे।