दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रदर्शन बुलाया था। इसी में शामिल होने के लिए कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके और सह-संयोजक सौरभ दास और आशुतोष रांका दिल्ली पहुंचे ही थे कि उन्हें पुलिस ने डिटेन कर लिया। इस घटनाक्रम के बाद क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने CJP के नेताओं को हिरासत में लिए जाने की निंदा की।
सोनम वांगचुक ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र एक अघोषित इमरजेंसी के हालात में चल रहा है। सोनम वांगचुक ने छात्र नेताओं, एक्टिविस्टों और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने और रोकने पर दुख जताया। सोनम वांगचुक ने कहा कि मैंने इस प्रदर्शन में एकता और शांति की अपील की थी लेकिन यह नहीं सोचा था कि दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र एक अघोषित इमरजेंसी के दौर से गुजर रहा होगा।
वांगचुक ने प्रदर्शनकारियों को तुरंत रिहा करने की मांग की
सोनम वांगचुक ने हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को तुरंत रिहा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन यह कार्यवाही जारी रखती है तो उन्हें अनशन या पदयात्रा शुरू करनी पड़ेगी। सोनम वांगचुक ने पहले ही सीजेपी के जंतर मंतर वाले प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया है। हालांकि उन्होंने साफ कर दिया था कि वह इस प्रदर्शन में व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं होंगे। सोनम वांगचुक ने कहा कि मैंने राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए पर्यावरण को बचाने के जरूरी कामों पर ध्यान दे रहा हूं।
इससे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शुक्रवार को पोस्ट किए गए एक वीडियो में सोनम वांगचुक ने कहा, “सरकार की ओर से हमारे काम में बाधा डालने और उसे नुकसान पहुंचाने की तमाम कोशिशों के बावजूद, हम देश की सुरक्षा के लिए काम करते रहेंगे। एक और सर्दी के आने की तैयारी कर रहे हैं। इसमें पानी की सुरक्षा के लिए कृत्रिम ग्लेशियर बनाना और ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड यानी ग्लेशियर की झीलों से अचानक आने वाली बाढ़ के खतरे को समझने के लिए प्रयोग करना शामिल है। ताकि ऊंचे हिमालय में मौजूद 200 से ज्यादा खतरनाक ‘टिकिंग वॉटर बॉम्ब’ के खतरे को कम किया जा सके।”
वांगचुक ने फैज का जिक्र करते हुए लिखा, “और भी गम हैं जमाने में सियासत के सिवा…रहतें और भी हैं वस्ल की राहत के सिवा। इसलिए मैं सभी को अपनी शुभकामनाएं भेजता हूं और अलग-अलग समूहों के नेताओं से एकजुट रहने और समझदारी दिखाने की अपील करता हूं। साथ ही, मैं जेन-जी के सभी दोस्तों से अपील करता हूं कि वे हर हाल में पूरी तरह शांति बनाए रखें। यह बापू का दिया हुआ तोहफा था जिसे मैं जून में जंतर-मंतर पर ले जाने की कोशिश कर रहा था, मुझे उम्मीद है कि हम बापू को निराश नहीं करेंगे।”
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट के बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने जंतर-मंतर पर हुए घटनाक्रम को लेकर विपक्ष और प्रदर्शनकारियों पर निशाना साधा। संबित पात्रा ने कहा कि जंतर-मंतर पर जो हो रहा है, टीवी पर जो दिख रहा है और सोशल मीडिया के कुछ हैंडल पर जंतर-मंतर को दिखाया जा रहा है, वो भारत की कहानी नहीं है। पढ़ें पूरी खबर।
