Sonam Wangchuk News: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का आमरण अनशन गुरुवार को 20वें दिन में प्रवेश कर गया। शुक्रवार (17 जुलाई 2026) सुबह कॉकरोच जनता पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। सोनम वांगचुक की हेल्थ अपडेट पर पार्टी ने लिखा कि उनकी हालत ठीक नहीं है।
कॉकरोच जनता पार्टी ने X पर वीडियो पोस्ट किए हैं। एक पोस्ट में दावा किया गया कि सोनम वांगचुक सर की हालत ठीक नहीं है, फिर भी सत्ता में बैठे लोग मस्त हैं।
पार्टी ने अंग्रेजी में लिखा, “The streets are the real Parliament of the people.” साथ ही यह भी कहा कि पूरे देश से समर्थन मिलने के बावजूद सरकार सोई हुई है। इस्तीफा दो।
सोनम वांगचुक ने अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा, ”मैं किसी भी हालत में 20 जुलाई तक ज़िंदा रहूंगा ताकि मैं आप सबके साथ संसद तक मार्च कर सकूं। और अगर 20 जुलाई को हमारा मार्च सफल नहीं रहा तो फिर मैं भूत बनकर वापस आऊंगा।” उन्होंने अपने समर्थकों से 20 जुलाई को संसद मार्च में शामिल होने की अपील की।
पार्टी ने अपने पोस्ट में लिखा, ”किसी भी स्थिति में देश के इस अनमोल रत्न को खो नहीं सकते हैं लेकिन देश के युवाओं के भविष्य को भी अधर में नहीं छोड़ सकते हैं।”
विपक्ष का वांगचुक को समर्थन
गौर करने वाली बात है कि गुरुवार को विपक्ष ने उनके समर्थन में अपनी आवाज़ तेज कर दी है। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचकर सोनम वांगचुक के समर्थन में शामिल हुए। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा आयोजित इस प्रदर्शन पर अब तक संयमित रुख अपनाने के बाद कांग्रेस ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। पार्टी ने सोनम वांगचुक से अपना आमरण अनशन समाप्त करने की अपील की और कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में जवाबदेही की कमी को लेकर वह उनकी ‘पीड़ा और आक्रोश’ में साझेदार है।
वहीं जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव और केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता पिनराई विजयन सहित कई अन्य विपक्षी नेताओं ने भी सोनम वांगचुक के समर्थन में आवाज उठाई और केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
भ्रष्टाचार विरोधी अन्ना हज़ारे के नेतृत्व वाले ‘इंडिया अगेंस्ट करप्शन’ आंदोलन से अपनी राजनीतिक पहचान बनाने वाले अरविंद केजरीवाल जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक के साथ मंच साझा करते नजर आए।
केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की जगह सोनम वांगचुक को शिक्षा मंत्री नियुक्त करें। उनका कहना था कि पिछले कुछ वर्षों में लगातार हुए परीक्षा प्रश्नपत्र लीक के मामलों के बाद देश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार और उसका नेतृत्व करने के लिए वांगचुक अधिक उपयुक्त व्यक्ति हैं।
केजरीवाल ने सोनम वांगचुक को ‘महान शिक्षाविद’ बताते हुए कहा कि उन्होंने देश और लद्दाख के लिए लगातार निस्वार्थ भाव से काम किया है। उन्होंने यह भी कहा कि वांगचुक देश के हित में अपनी जान तक जोखिम में डाल रहे हैं जो उनके समर्पण और प्रतिबद्धता को दिखाता है।
कलाकारों ने भी उठाई समर्थन मे आवाज
राजनीतिक नेताओं के अलावा कई कलाकारों ने भी सोनम वांगचुक के समर्थन में अपनी आवाज़ उठाई है। गुरुवार को अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो मैसेज शेयर कर वांगचुक का समर्थन किया।
सोनाक्षी ने कहा, “मैंने इससे पहले कभी इस तरह सार्वजनिक बयान नहीं दिया लेकिन अब मैं और चुप नहीं रह सकती। हम सभी सोनम वांगचुक को जानते हैं। हम जानते हैं कि उन्होंने देश के लिए क्या किया है, उनकी उपलब्धियां क्या हैं और उन्हें कितने सम्मान मिले हैं। पिछले 18 दिनों से वे बिना भोजन किए आमरण अनशन पर हैं। और क्यों? क्योंकि वे बच्चों के भविष्य के लिए लड़ रहे हैं। उनका मानना है कि देश का भविष्य बर्बादी की ओर धकेला जा रहा है।”
उन्होंने आगे कहा, “हो सकता है कि सोनम वांगचुक हमें व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते हों, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने देश के बच्चों के लिए अपने स्वास्थ्य और जीवन तक को दांव पर लगा दिया है। फिर भी इतने सारे लोग चुप हैं। मैं अब चुप नहीं रह सकती। अब जो भी परिणाम हो, मुझे मंजूर है। लेकिन मैं अब और खामोश नहीं रह सकती।”
सोनम वांगचुक के पिता ने भी की थी भूख हड़ताल
राष्ट्रीय राजधानी में उनका यह अनशन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के साथ चल रहा है। प्रदर्शनकारी NEET (UG) 2026 सहित अन्य परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। लेकिन बहुत सारे ऐसे लोग हैं जिन्हें यह नहीं पता कि आखिर सोनम वांगचुक हैं कौन? बहुत कम लोग जानते हैं कि उनके पिता कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और जम्मू-कश्मीर सरकार में मंत्री रह चुके हैं। बात करते हैं सोनम वांगचुक के करियर के बारे में। जानते हैं आखिर वो कौन सी बाते हैं जिन्होंने ‘रियल लाइफ’ फुंसुख वांगड़ू को सोनम वांगचुक बनाया…
