Sonam Wangchuk News: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके पर स्याही फेंकने वाली बरखा त्रेहान ने अब पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ये लोग सोनम वांगचुक का इस्तेमाल अन्ना हजारे की तरह कर रहे हैं।

समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में बरखा त्रेहान ने कहा, “मैं शांतिपूर्ण जो विरोध होता है, उसके बिल्कुल भी खिलाफ नहीं हूं। मैं किसी भी राजनीतिक पार्टी से कोई संबंध नहीं रखती हूं, मेरा कोई कनेक्शन नहीं है। जंतर-मंतर पर जो चल रहा है वो पूरी तरह से एक राजनीतिक कार्यक्रम है। ये जो कॉकरोच पार्टी है नीट की वहां पर कोई बात नहीं कर रहे हैं। वहां पर पॉलिटिकल एजेंडा है, वहां पर जय भीम के नारे लग रहे हैं। ये दलितों का आंदोलन है, वहां पर अभिजीत के गुंडो ने वहां पर जो मेरा हाल किया है, उसके बारे में तो आप सोच ही नहीं सकते हो।”

मेरे प्रभु श्री राम का मजाक उड़ाया जा रहा था- बरखा त्रेहान

बरखा त्रेहान ने आरोप लगाया, “लेकिन वहां पर जो हुआ था, उसके बारे में आपको बताती हूं। जब अभिजीत और उसके साथी हंस रहे थे, मेरे प्रभु श्रीराम का मजाक उड़ाया जा रहा था, ये लोग स्टेज पर हंस रहे थे। मेरी सीता मैया का मजाक उड़ाया जा रहा था, ये सब मुझसे देखा नहीं गया और इसीलिए मैं वहां पर गई थी और मैंने जो स्याही अभिजीत पर हवा में फेंकी थी, वो इसलिए फेंकी वो मेरा विरोध करने का एक तरीका था। मैं एक सनातनी हूं, मैं कट्टर हिंदू हूं। मैं इस तरह की टिप्पणी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करती हूं।”

बरखा त्रेहान ने कहा, “अभिजीत दीपके के गुंडों ने जो मुझे पिटवाया है, मुझे इन लोगों ने इतना मारा है और मेरे बाल नोचें। मेरे हाथों की उंगलियां सूज गई हैं और दिल्ली पुलिस ने वहां से निकाला है। मैं दिल्ली पुलिस का धन्यवाद करती हूं जिन्होंने मुझे वहां से सुरक्षित निकाला। इसीलिए मैं आज आपके सामने जिंदा बैठी हूं।”

मैंने कोई हिंसा नहीं की- बरखा

बरखा त्रेहान ने आगे आरोप लगाया, “मैंने तो किसी भी तरह की कोई हिंसा नहीं की। इन लोगों ने मेरे साथ बहुत हिंसा की। ये लोग सोनम वांगचुक का इस्तेमाल कर रहे हैं, मैं यही बात बताने गई थी। ये सोनम वांगचुक का इस्तेमाल अन्ना हजारे की तरह कर रहे हैं। लेकिन इन्होंने मेरे साथ इतनी हिंसा की है कि अगर मुझे वहां से दिल्ली पुलिस वाले नहीं बचाते तो ये मुझे मार डालते। वैसे इस देश में बहुत महिला-महिला होता है क्या मैं महिला नहीं हूं। इसने गुंडों से मुझे क्यों पिटवाया, क्या मैंने अभिजीत को थप्पड़ मारा।”

मेरे लिए राम सर्वोपरि- बरखा त्रेहान

बरखा त्रेहान ने कहा, “मैंने अभिजीत दीपके के सामने खड़े होकर कहा कि तुम सोनम वांगचुक का इस्तेमाल क्यों कर रहे हो। तुम्हारा क्या प्रोपेगेंडा है। तुम लोग नीट की कोई बात नहीं कर रहे हो, तुम लोग यहां पर राजनीतिक एजेंडा फैला रहे हो। तुम जय भीम के नारे लगा रहे हो, मेरे जय श्री राम बोलने पर बहुत आपत्ति थी। मेरे लिए मेरे प्रभु श्रीराम सर्वोपरि हैं।”

यह भी पढ़ें: ‘नीला मेरा पसंदीदा रंग है’, अभिजीत दीपके पर महिला ने फेंकी स्याही, प्रदर्शनकारियों ने पकड़ा

जंतर-मंतर पर एक महिला ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर स्याही फेंकी, जिससे विरोध स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पास में मौजूद लोगों ने महिला को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है। अपने ऊपर स्याही फेंके जाने के बाद अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया है। इमसें उन्होंने कहा कि नीला मेरा पसंदीदा रंग हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…