सात समंदर पार हॉस्टल में मिली पूर्व सीएम के बेटे की लाश, 2016 में पिता ने भी लगा ली थी फांसी
20 वर्षीय शुभांसो ब्रिटेन के एक विश्वविद्यालय में कानून की पढ़ाई कर रहे थे। वह कलिखो पुल की पहली पत्नी दांग्विमसाई पुल के पुत्र थे। पुल परिवार शुभांसो के शव को वापस लाने के लिए ब्रिटेन में भारतीय उच्चायोग से संपर्क की कोशिश कर रहा है।

अरुणाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कलिखो पुल के बेटे शुभांसो पुल का ब्रिटेन में शव मिला है। उनके पारिवारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शुभांसो का शव ससेक्स के ब्राइटन में उनके अपार्टमेंट से मिला। 20 वर्षीय शुभांसो ब्रिटेन के एक विश्वविद्यालय में कानून की पढ़ाई कर रहे थे। वह कलिखो पुल की पहली पत्नी दांग्विमसाई पुल के पुत्र थे। पुल परिवार शुभांसो के शव को वापस लाने के लिए ब्रिटेन में भारतीय उच्चायोग से संपर्क की कोशिश कर रहा है।
पुलिस का कहना है कि मौत को लेकर संदिग्ध परिस्थितियों की बात सामने नहीं आई है, जिससे इसके आत्महत्या का मामला होने का संदेह है। ईस्ट ससेक्स पुलिस के बयान में कहा गया है, ‘रविवार को अपराह्न 3 बजकर 41 मिनट पर पुलिस को फालमे से फोन आया, जहां 20 वर्षीय व्यक्ति का शव बेडरूम में पड़ा हुआ था।’ शुभांसो के बड़े भाई ओजिंगो पुल ने दिल्ली से फोन पर बात करते हुए कहा, “यह आत्महत्या का संदिग्ध मामला है, लेकिन अभी यह कहना जल्दबाजी होगी।” उनकी सौतेली माँ, डी पुल ने कहा “पाँच-छह महीने हो गए हैं जब वह यूके के लिए रवाना हुआ था। मैंने आखिरी बार 26 जनवरी को उनसे बात की थी और उनकी माँ ने उनसे 8 फरवरी को बात की थी।”
कलिखो पुल ने 9 अगस्त 2016 को अपने सरकारी आवास नीति विहार में कथित रूप से आत्महत्या कर ली थी। पूर्व सीएम को इटानगर में सीएम के आधिकारिक बंगले में सीलिंग फैन से लटका पाया गया था। उनकी कथित आत्महत्या, और 60 पृष्ठ का सुसाइड नोट काफी समय तक विवादों में रहा। पुल फरवरी 2016 में कांग्रेस और भाजपा के चंद विधायकों के समर्थन से अरुणाचल प्रदेश के सीएम बने लेकिन 13 जुलाई के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद उन्हें अपना पद छोड़ना पड़ा। पुल ने तीन बार शादी की थी। शुबमो उनकी पहली पत्नी दांग्विमसाई पुल का बेटा था।
Hindi News के लिए हमारे साथ फेसबुक, ट्विटर, लिंक्डइन, टेलीग्राम पर जुड़ें और डाउनलोड करें Hindi News App। Online game में रुचि है तो यहां क्लिक कर सकते हैं।