दिल्ली के जंतर मंतर पर अभिजीत दीपके की अगुवाई में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ द्वारा प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए और अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सीजेपी के इस प्रदर्शन पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने परोक्ष रूप से निशाना साधा है।

नितिन नवीन ने कहा कि विदेश में बैठे कुछ लोग सोचते हैं कि वे भारत के युवाओं की दिशा तय कर सकते हैं। साथ ही यह आरोप लगाया कि यह उन्हें नकारात्म राजनीति की ओर धकेल रहा है।

युवा देश के निर्माण का काम करना चाहता है- नितिन नवीन

भारतीय जनता पार्टी के एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट के अनुसार, रांची में एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए नवीन ने कहा, “आज का युवा देश के निर्माण के लिए काम करना चाहता है, अपने भविष्य को सुरक्षित करने के लिए काम करना चाहता है। लेकिन कुछ लोगों ने इस देश के युवाओं को सत्ता विरोधी नाम दे दिया है।”

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, “जो लोग इस देश के युवाओं को नैगेटिव पॉलिटिक्स के लिए ले जाना चाहते हैं, मैं उनको चेतावनी देता हूं कि भारत का युवा पॉजिटिव पॉलिटिक्स करेगा। हम लोकतंत्र के आधार पर विरोध करेंगे, लेकिन लोकतंत्र के मापदंड को खत्म नहीं होने देंगे। कुछ लोग विदेश में बैठकर ये सोच लेते हैं कि हम भारत के युवाओं को दिशा दे देंगे। लेकिन भारत का युवा कुछ लोगों की मुठ्ठी की कठपुतली बनकर आगे नहीं बढ़ने वाला।”

नवीन ने भारत के विकास में किसानों के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा, “मैं स्वीकार करता हूं कि इस देश और इस देश की प्रगति में सबसे बड़ा योगदान हमारे किसानों का ही है।” वे कहते हैं कि यदि किसान खुश है, तो घर में समृद्धि और सामंजस्य भी रहता है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार के पास किसानों के लिए एक स्पष्ट योजना है। हम किसानों को केवल लाभार्थी बनाकर नहीं रखना चाहते।” उन्होंने आगे कहा कि सरकार का लक्ष्य कृषि परिणामों में सुधार करना और किसानों की आय को दोगुना करना है।

सीजेपी का जंतर-मंतर पर प्रदर्शन

बता दें कि शनिवार सुबह सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके अमेरिका से दिल्ली पहुंचे। इसके बाद उन्होंने जंतर-मंतर पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन में सोनम वांगचुक भी शामिल हुए। जंतर-मंतर पर अभिजीत दीपके ने कहा, “पिछले दो-तीन दिन से मेरी मां रो रही थी कि तुम वापस आ जाओगे तो ये लोग तुम्हें अंदर डाल देंगे। मेरे घर वापस आने से उन्हें डर लग रहा था।”

सीजेपी ने केंद्र सरकार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने के लिए सात दिन की नई डेडलाइन दी है और चेतावनी दी है कि अगर कोई कार्रवाई नहीं की गई तो उनका आंदोलन पूरे देश में फैल जाएगा। जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि शनिवार को हुआ प्रदर्शन केवल एक ट्रेलर था और चेतावनी दी कि अगर सरकार उनकी मांगों पर कार्रवाई करने में विफल रहती है तो आंदोलन और तेज हो जाएगा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी मांगें…