गुजरात हाईकोर्ट ने सोमनाथ मंदिर के आसपास नॉन-वेज खाने की बिक्री पर राज्य सरकार की ओर से लगाई गई पाबंदियों को रद्द कर दिया है। कोर्ट ने इस आदेश पर रोक लगाने की राज्य सरकार की मांग भी खारिज कर दी है।

इससे पहले 22 अक्टूबर को गुजरात सरकार ने गुजरात हाईकोर्ट में सोमनाथ मंदिर के 500 मीटर के दायरे में मांसाहारी भोजन की बिक्री और भंडारण पर लगाए गए बैन का बचाव किया था। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सरकार ने अदालत में कहा था कि किसी भी व्यक्ति के व्यापार करने का अधिकार किसी तीर्थस्थल के धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व से ऊपर नहीं हो सकता।

क्या है मामला?

सोमनाथ के आसपास नॉन-वेज खाने पर प्रतिबंध को छह रेस्टोरेंट संचालकों ने हाईकोर्ट में चुनौती दी है। उनका कहना है कि वे पिछले कई दशकों से कानूनी रूप से अपने रेस्टोरेंट चला रहे हैं और उनके पास वैध लाइसेंस भी हैं। उन्होंने यह भी दलील दी कि उनके रेस्टोरेंट मंदिर के बिल्कुल आसपास नहीं बल्कि उससे काफी दूरी पर स्थित हैं।

याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि जिला मजिस्ट्रेट ने स्थायी प्रतिबंध लगाकर अपने अधिकार क्षेत्र का उल्लंघन किया है। उनका कहना है कि इस तरह किसी वैध कारोबार पर हमेशा के लिए रोक नहीं लगाई जा सकती।

अगस्त में राज्य सरकार ने जारी की थी अधिसूचना

राज्य सरकार ने अगस्त में एक अधिसूचना जारी की थी। इसमें छह निर्धारित क्षेत्रों में मांसाहारी खाने-पीने की चीजों की बिक्री और भंडारण पर स्थायी प्रतिबंध लगाया गया था। ये रेस्टोरेंट भी इन्हीं छह प्रतिबंधित क्षेत्रों में आते हैं। याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उनके प्रतिष्ठानों को जबरन बंद करा दिया।

रेस्टोरेंट संचालकों ने इस अधिसूचना को संवैधानिक प्रावधानों के खिलाफ बताते हुए कहा कि यह संविधान के अनुच्छेद 19(1)(g) का उल्लंघन करती है। इस अनुच्छेद के तहत प्रत्येक नागरिक को अपनी पसंद का पेशा अपनाने और कारोबार या व्यापार करने का मौलिक अधिकार प्राप्त है।

याचिकाकर्ताओं ने अदालत में कहा कि प्रशासन बिना कोई ठोस कारण बताए किसी व्यक्ति को वैध कारोबार या आजीविका चलाने से नहीं रोक सकता।