बर्फ व बारिश इतनी तेज थी कि दृश्यता घट कर 500 मीटर रह गई, जिससे घाटी में बुधवार को विमान सेवाएं प्रभावित हुर्इं। आने वाले 24 घंटों में इसमें तेजी आने की संभावना है। उसके बाद बारिश में कमी आएगी। भारतीय मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि इस 24 घंटे के अंदर उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक या दो जगहों पर ओलावृष्टि हो सकती है।
उत्तरी पंजाब और उत्तरी हरियाणा में कुछ स्थानों पर तथा दिल्ली में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश संभव है। 26 जनवरी से इन इलाकों में बारिश काफी कम हो सकती है। कश्मीर के अधिकतर स्थानों पर बुधवार को हल्की से मध्यम बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हुई। मौसम विज्ञान विभाग ने दिन बढ़ने पर बारिश की तीव्रता कम होने का पूर्वानुमान लगाया है। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर हवाई अड्डे पर सभी उड़ानों की आवाजाही में देरी हुई।
उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश व उत्तरी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे जम्मू कश्मीर पर बना हुआ है। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ 27 जनवरी की रात तक पश्चिमी हिमालय तक पहुंच जाएगा।
बीते 24 घंटों के दौरान गिलगित-बाल्टिस्तान, लद्दाख, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हुई। इस बीच, घाटी में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। काजीगुंड में तापमान शून्य से नीचे 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को कुछ इलाकों में बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बर्फबारी या बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है। जिसमें भी कश्मीर घाटी में शीतलहर जारी रहेगी।
एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से आने वाले दिनों में राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में 28-29 जनवरी को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से दोनों दिन कहीं-कहीं हल्के से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना है। वहीं हिमाचल प्रदेश के लाहौल और स्पीति, चंबा, किन्नौर, शिमला और कुल्लू जिलों में ताजा बर्फबारी के कारण 265 सड़कें बंद हो गर्इं वहीं राज्य के कई अन्य हिस्सों में बुधवार को भारी बारिश हुई। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, राज्य में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। केलांग प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान रहा जहां रात में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.7 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।