देश के पहाड़ी इलाकों (Hilly Areas) में आज बर्फ़बारी हो सकती है। वहीं दिल्ली, राजस्थान समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने ऐसा अनुमान जताया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक आज लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में बर्फबारी के साथ बारिश होने की संभावना है। इन इलाकों में पिछले कई दिनों से हो रही छिटपुट बर्फबारी और बारिश से तापमान में गिरावट देखने को मिली है।
पहाड़ी क्षेत्र के कई इलाकों में तो पारा शून्य से भी नीचे चला गया है। इस कारण उन इलाकों के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पहाड़ी इलाकों के साथ-साथ मैदानी राज्यों में भी ठंड बढ़ने लगी है। दिल्ली-एनसीआर में भी तापमान गिरा है। पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही सर्द हवाओं के कारण पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत कई राज्यों में ठंड बढ़ने लगी है।
मौसम विज्ञान विभाग ने तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, केरल, पुडुचेरी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह सहित कई जगहों पर बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उभरने की संभावना है। इससे आसपास के इलाके का मौसम बदलेगा। आईएमडी ने यह भी कहा है कि अगले चार से पांच दिनों में ओडिशा के न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री की कमी आएगी।
वहीं स्काईमेट वेदर की रिपोर्ट के मुताबिक दक्षिण कर्नाटक, उत्तरी तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, गोवा, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कई इलाकों में हल्की से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा से बहने वाली ठंडी हवा उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान को नीचे ला सकती है। राजस्थान के कुछ हिस्सों में शीत लहर जारी रहने की संभावना है।
वहीं उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 डिग्री रह सकता है। इसके साथ ही हल्का कोहरा भी पड़ सकता है। जबकि गाजियाबाद में आज न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री रह सकता है।