प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्लोवाकिया के दौरे पर हैं। किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली स्लोवाकिया यात्रा है। इस बीच स्लोवाकिया ने पीएम मोदी को अपने सर्वोच्च सम्मान से नवाजा है। इस तरह से पीएम मोदी को अब 33 देश अपने सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित कर चुके हैं। स्लोवाकिया ने पीएम मोदी को अपना सर्वोच्च सम्मान, ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (प्रथम श्रेणी) प्रदान किया है।
स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिन ने पीएम मोदी को सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया। ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (प्रथम श्रेणी) स्लोवाकिया गणराज्य द्वारा दिया जाने वाला सर्वोच्च राजकीय सम्मान है और इसे स्लोवाकिया के राष्ट्रपति द्वारा मित्र देशों के विकास में असाधारण योगदान के लिए विदेशी गणमान्य व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है।
पीएम मोदी ने जताई खुशी
पीएम मोदी ने सम्मान मिलने के बाद कहा, “आज रात ब्रातिस्लावा में मुझे Order of the White Double Cross (First Class) प्राप्त करना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं इस पुरस्कार के लिए स्लोवाक गणराज्य के नागरिकों और सरकार का आभारी हूं, जो भारत के सभी 1.4 अरब निवासियों का है। मैं इस सम्मान को भारत और स्लोवाकिया के बीच अटूट मित्रता को समर्पित करता हूं।”
भारत-स्लोवाकिया के बीच अहम मुद्दों पर बनी सहमति
भारत और स्लोवाकिया ने अपने संबंधों को व्यापक साझेदारी के स्तर तक ले जाने के साथ ही द्विपक्षीय व्यापार और रक्षा सहयोग को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। प्रधानमंत्री मोदी और स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के बीच बातचीत के बाद यह सहमति बनी। दोनों देशों ने इसी के साथ इमिग्रेशन, डिजिटल टेक्नोलॉजी और रक्षा जैसे कई क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने के लिए 11 समझौतों पर हस्ताक्षर भी किये हैं। दोनों नेता भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को जल्द से जल्द लागू करने की दिशा में काम करने पर भी सहमत हुए।
प्रधानमंत्री मोदी ने मीडिया में जारी बयान में कहा, “हमने अपने संबंधों को व्यापक साझेदारी के स्तर तक ले जाने का फैसला किया है। यह हमारी साझा मान्यताओं, साझा प्राथमिकताओं और साझा भविष्य का प्रतीक है। इस व्यापक साझेदारी का उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को एक नए मुकाम पर ले जाना, मौजूदा सहयोग तंत्रों को मजबूत करना और द्विपक्षीय-बहुपक्षीय, दोनों स्तरों पर सहयोग को और प्रगाढ़ करने के नए रास्ते तलाशना है।”
यह भी पढ़ें: पश्चिम एशिया में तनाव की वजह से गंभीर आर्थिक दिक्कतें आई- पीएम नरेंद्र मोदी
अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते को लेकर बनी सहमति का पीएम नरेंद्र मोदी ने स्वागत किया। पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में तनाव की वजह से दुनिया भर में गंभीर आर्थिक दिक्कतें आई हैं और कई देशों में जानें गई हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
