Bengaluru-Mumbai Sleeper Vande Bharat Express Train: बेंगलुरु और मुंबई के बीच यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी आई है। दक्षिण पश्चिम रेलवे ज़ोन द्वारा संचालित और रखरखाव की जाने वाली देश की नई सेमी-हाई-स्पीड बेंगलुरु-मुंबई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 27652) की आधिकारिक टिकट बुकिंग शुरू हो गई है।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 31 अक्टूबर 2026 को एसएमवीटी बेंगलुरु रेलवे स्टेशन से इस आधुनिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे, जिसके बाद 3 नवंबर 2026 से इसका व्यावसायिक संचालन पूरी तरह से शुरू हो जाएगा।

ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से ऐसे करें आसान बुकिंग

इस हाई-स्पीड स्लीपर ट्रेन में सीट आरक्षित करने के लिए रेलवे ने यात्रियों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों सुविधाएं दी हैं। यात्री ऑनलाइन टिकट बुकिंग आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट के साथ-साथ रेल कनेक्ट और रेलवन मोबाइल ऐप के जरिए आसानी से कर सकते हैं।

वहीं जो लोग सीधे जाकर टिकट खरीदना चाहते हैं, वे नजदीकी रेलवे स्टेशनों के यात्री आरक्षण प्रणाली काउंटरों पर जाकर भी ऑफलाइन टिकट सुरक्षित कर सकते हैं।

जानें तीनों श्रेणियों का किराया और कोच की क्षमता

16 कोच वाली इस शानदार वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को यात्रियों की सुविधा और बजट के हिसाब से तीन अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है। इसमें एसी 3-टियर, एसी 2-टियर और एसी फर्स्ट क्लास के डिब्बे शामिल हैं।

किराए की बात करें तो एसएमवीटी बेंगलुरु से सीएसएमटी मुंबई के बीच एसी 3-टियर का किराया 2,810 रुपये, एसी 2-टियर का 3,630 रुपये और एसी फर्स्ट क्लास का किराया 4,450 रुपये तय किया गया है।

IRCTC से ई-टिकट बुक करने की पूरी प्रक्रिया

ऑनलाइन ई-टिकट बुक करने के लिए यात्री को सबसे पहले आईआरसीटीसी पोर्टल पर यूजरनेम और पासवर्ड से लॉगिन करना होगा। इसके बाद अपनी यात्रा का प्रस्थान और गंतव्य स्टेशन, तारीख और क्लास चुनकर सर्च बटन पर क्लिक करना होगा।

ट्रेनों की सूची सामने आने पर ‘वंदे भारत स्लीपर’ का चयन कर पसंदीदा क्लास के साथ ‘बुक नाऊ’ विकल्प चुनना होगा। इसके बाद नए पेज पर यात्रियों के नाम, उम्र, लिंग और सीट प्राथमिकता जैसी जानकारियां भरकर आगे बढ़ना होगा।

अंत में टिकट विवरण, जीएसटी और सुविधा शुल्क सहित कुल किराए की जांच करने के बाद अपनी पसंदीदा पेमेंट गेटवे से भुगतान पूरा करते ही आपका कंफर्म ई-टिकट जेनरेट हो जाएगा।

यह भी पढ़ें: ट्रेन में मोबाइल, स्पीकर पर गाने या रील्स चलाए तो खैर नहीं, लगेगा 1000 रुपये जुर्माना, रेलवे का सख्त नियम लागू

अगर आप ट्रेन से यात्रा करते हैं तो यह खबर आपके काम की हो सकती है। दक्षिण रेलवे ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक नया और सख्त नियम लागू किया है। अक्सर देखने और सुनने में आता है कि लोग सफर के दौरान मोबाइल फोन पर तेज आवाज में गाने, वीडियो या सोशल मीडिया रील्स चलाते हैं, जिससे आसपास बैठे अन्य यात्रियों को भारी असुविधा होती है। इसी समस्या को गंभीरता से लेते हुए रेलवे प्रशासन ने अब ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का फैसला किया है। पढ़िए पूरी खबर…