West Bengal Exit Poll: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की 142 सीटों पर बुधवार को मतदान खत्म होते ही एग्जिट पोल के सर्वे आ गए हैं। ज्यादातर सर्वे में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने का अनुमान जताया गया है। एग्जिट पोल्स को लेकर तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने तंज कसते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में भी बीजेपी की 350 से ज्यादा सीटों का अनुमान लगाया गया था, लेकिन उसे केवल 240 सीटें ही मिल पाईं।

टीएमसी की सांसद महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “एग्जिट पोल देखने से पहले याद रखें कि लोकसभा 2024 के सभी एग्जिट पोलों में NDA के लिए 350 से अधिक सीटों का अनुमान लगाया गया था। चाणक्य एग्जिट पोल में 400 सीटें, इंडिया टुडे-एक्सिस माई इंडिया में 361-401 सीटें और ABP-C वोटर में 353-383 सीटें थीं। वास्तविकता यह है कि BJP को बहुमत से काफी कम, केवल 240 सीटें मिलीं। ठीक यही स्थिति 4 मई को भी होगी।”

ज्यादातर एग्जिट पोल निराधार- कुणाल घोष

बेलेघाटा से टीएमसी उम्मीदवार कुणाल घोष ने कहा कि ज्यादातर एग्जिट पोल निराधार हैं, आप उनका पिछली बार का रिकॉर्ड देखिए, उन्होंने 2021 में क्या कहा था और क्या हुआ, जमीनी हकीकत और इसमें बहुत अंतर है। जो टीएमसी की जीत दिखा रहे हैं उसका अर्थ है कि उनका सर्वे ठीक है। हमें 235 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। भारतीय जनता पार्टी को 50 सीटें भी नहीं मिलेगी।

एग्जिट पोल में किसकी बन रही सरकार?

अब तक आए सात में से पांच एग्जिट पोल्स के नतीजे बता रहे हैं कि बंगाल में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है। वहीं, दो एग्जिट पोल ने ममता बनर्जी की चौथी बार सरकार की वापसी का अनुमान जताया है।

मैट्रिज के एग्जिट पोल में ममता की पार्टी को 125 से 140 और भारतीय जनता पार्टी को 146 से 161 सीटें मिलने का अनुमान है। चाणक्य स्ट्रैटीज ने तृणमूल कांग्रेस को 130 से 140 और बीजेपी को 150 से 160 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। चाणक्य स्ट्रैटीज ने टीएमसी को 130 से 140 और बीजेपी को 150 से 160 सीटें मिलने का अनुमान जताया है। पढ़ें पूरी खबर…